Homeभारतमध्यप्रदेशधार में भीषण हादसा, सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे 4...

धार में भीषण हादसा, सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे 4 दोस्तों की कार में जलकर मौत, एक गंभीर

मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे पांच दोस्तों की कार पुलिया के नीचे खाई में जा गिरी और उसमें आग लग गई। हादसे में चार युवक अंदर ही फंस गए, जबकि एक युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा।

धार: जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई। पांचों दोस्त सांवरिया सेठ के दर्शन करने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सादलपुर थाना क्षेत्र में महू-नीमच फोरलेन पर उनकी स्विफ्ट डिजायर कार हादसे का शिकार हो गई। कार पुलिया के नीचे जा गिरी और उसमें आग लग गई। हादसे में चार युवक कार के अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। वहीं एक युवक किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रहा।

पुलिया के नीचे खाई में गिरी कार

गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक, हादसा 25 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे सादलपुर के पास हीराश्री ढाबे के सामने हुआ। यहां फोरलेन पर बनी पुलिया से गुजरते समय कार के ड्राइवर साइड के पहिए में खराबी आई। इसके बाद कार अनियंत्रित हो गई और पुलिया के नीचे खाई में जा गिरी। कार में आग लगने के कारण अंदर बैठे युवकों को संभलने और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

कार में फंस गए थे चार युवक

हादसे के समय कार में पांच युवक सवार थे। इनमें तुषार मंडलोई कार से बाहर निकलने में सफल रहा लेकिन बाकी चार युवक अंदर ही फंस गए। आग तेजी से फैलने के कारण चारों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर सादलपुर पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की मदद से कार में लगी आग बुझाई गई। हालांकि तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने चारों मृतकों के शव बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए धार जिला अस्पताल भिजवाए। घायल युवक को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर भेजा गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

सागौर के रहने वाले थे चारों मृतक

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अंकुश उर्फ भीम धाकड़, चेतन धाकड़, आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी और अभिषेक सोलंकी के रूप में हुई है। सभी धार जिले के सागौर क्षेत्र के रहने वाले थे। वहीं हादसे में घायल युवक की पहचान तुषार मंडलोई (20) पिता मुकेश मंडलोई निवासी माधोपुर, सागौर के रूप में हुई है।

दर्शन के लिए निकले थे पांचों दोस्त

जानकारी के मुताबिक पांचों दोस्त शनिवार 24 अक्टूबर को पीथमपुर से सांवरिया सेठ के दर्शन करने निकले थे। दर्शन करने के बाद सभी कार से वापस लौट रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर लौटते समय रास्ते में ऐसा हादसा हो जाएगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने बताया कि घटना सादलपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुई। कार में पांच युवक सवार थे जो सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिया के पास कार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई और उसमें आग लग गई। एक युवक बाहर निकल आया जबकि बाकी चार की आग में जलने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments