Homeक्राइमदहेज केस में फैसले से 2 दिन पहले पत्नी की हत्या, फौजी...

दहेज केस में फैसले से 2 दिन पहले पत्नी की हत्या, फौजी पति ने जहर देकर मारा… UP में खौफनाक कांड

बागपत में फौजी पति पर पत्नी रुबीना की हत्या का आरोप लगा है. परिजनों के मुताबिक अलीशान ने WhatsApp मैसेज भेजकर रुबीना को मिलने बुलाया था. तीन दिन बाद उसका शव वाजिदपुर-बिजरौल रोड के पास गन्ने के खेत में मिला. आरोप है कि रुबीना को जहर देकर और गला दबाकर मार दिया गया.

बागपत में एक फौजी पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. पहले WhatsApp पर मैसेज भेजकर पत्नी को दो साल के बेटे समेत मिलने बुलाया, फिर तीन दिन बाद गन्ने के खेत में उसकी लाश मिली. आरोप है कि महिला को पहले जहर दिया गया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी गई. दहेज के मुकदमे में कोर्ट का फैसला आने से पहले हुई इस वारदात से सनसनी फैल गई. पुलिस ने फौजी पति समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है. वहीं मृतका की बहन ने खून के बदले खून और फांसी की मांग की है.

दरअसल दिल दहला देने वाली यह वारदात बागपत जिले के कोतवाली बड़ौत क्षेत्र के खरखड़ी गांव से जुड़ी है. गांव निवासी रुबीना की शादी करीब तीन साल पहले मुजफ्फरनगर जिले के पुरबालियान गांव निवासी अलीशान के साथ हुई थी. अलीशान भारतीय सेना में फौजी है और उसकी तैनाती कश्मीर में बताई गई है. परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ महीने बाद ही रुबीना और अलीशान के बीच विवाद शुरू हो गया था. आरोप है कि विवाद के दौरान अलीशान ने रुबीना के साथ मारपीट की.

26 तारीख को आना था फैसला

परिवार ने उस समय दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की और रुबीना को दोबारा ससुराल भेज दिया, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ. बाद में पति-पत्नी के बीच फिर से अनबन हुई. इस दौरान रुबीना गर्भवती थी और वह अपने मायके लौट आई. इसके बाद से वह करीब दो साल से मायके में ही रह रही थी. रुबीना का दो साल का एक बेटा भी है. पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला अदालत तक पहुंच गया. दोनों के बीच दहेज से संबंधित मुकदमा विचाराधीन था. परिजनों के अनुसार 26 तारीख को इस मामले में फैसला आने की तारीख तय थी.

परिजनों ने आरोप लगाया कि अलीशान ने रुबीना को WhatsApp पर मैसेज भेजकर मिलने के लिए बुलाया था. उसने रुबीना से अपने दो साल के बेटे को भी साथ लाने के लिए कहा था. परिवार के मुताबिक, बातचीत के दौरान रुबीना से WhatsApp मैसेज डिलीट भी कराए गए थे. बताया गया कि करीब तीन दिन पहले रुबीना अलीशान से मिलने के लिए घर से निकली थी. लेकिन वह अपने बेटे को साथ नहीं ले गई. इतना ही नहीं, वह अपना मोबाइल फोन भी मायके में ही छोड़ गई थी.

परिजनों को लगा कि वह कुछ समय बाद वापस लौट आएगी, लेकिन घंटों बीतने के बाद भी रुबीना घर नहीं पहुंची. परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर पता लगाया गया, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला. किसी को अंदाजा नहीं था कि मिलने के लिए घर से निकली रुबीना अब कभी वापस नहीं लौटेगी.

गन्ने के खेत में मिला था रुबीना का शव

रुबीना की तलाश के बीच तीन दिन बाद पुलिस को वाजिदपुर-बिजरौल रोड के पास गन्ने के खेत में एक महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की. शव की पहचान खरखड़ी गांव निवासी रुबीना के रूप में हुई तो परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों के मुताबिक, शव का शरीर नीला पड़ा हुआ था और मुंह से खून निकल रहा था.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों ने रुबीना की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. परिजनों का आरोप है कि उसे पहले जहर का इंजेक्शन दिया गया और फिर गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया गया. रुबीना की मौत से परिवार सदमे में है. बहन कोमल का गुस्सा और दर्द उसके शब्दों में साफ झलक रहा है. उसने आरोपियों के लिए सख्त सजा की मांग करते हुए कहा कि उसे खून के बदले खून चाहिए और आरोपियों को फांसी दी जानी चाहिए.

वहीं रुबीना की मौत के बाद परिजनों ने उसके पति अलीशान पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की. परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अलीशान समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. अब पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.

अंशु जैन (सीओ, बड़ौत)― पुलिस को महिला का शव गन्ने के खेत में मिलने की सूचना मिली थी. जिसकी शिनाख्त रुबीना के रूप में हुई. उसका पति फौज में है. फिलहाल शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा जा रहा है. मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments