दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित एक फाइव-स्टार होटल की पार्किंग में नागालैंड की युवती की अपहरण की कोशिश के बाद राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल उठ गया है। महिला ने सुरक्षा की गुहार लगाई है और जान को खतरा बताया है। महिला ने आरोपियों पर उसके दोस्तों से भी मारपीट का आरोप लगाया है।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 4 अक्टूबर को नागालैंड की एक महिला और उसके दोस्तों के साथ कथित मारपीट के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक यह घटना चाणक्यपुरी इलाके के एक फाइव-स्टार होटल की पार्किंग में हुई।
महिला की शिकायत के अनुसार, वह पार्किंग एरिया में खड़ी थी, तभी तीन लोग कार में आए और उसके साथ बदसलूकी की और उसे जबरदस्ती अपनी कार में बिठाने की कोशिश की। शिकायत करने वाली महिला का कहना है कि जब उसके दोस्तों ने बीच-बचाव किया और उसे बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
महिला ने सुनाई आपबीती
महिला ने अपनी लिखित शिकायत में कहा कि वह और उसकी सहेली वॉशरूम जाने के लिए बाहर निकली थीं, तभी यह घटना हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सफेद मर्सिडीज में आए तीन अनजान लोगों ने एग्जिट गेट के पास हमें अगवा करने और हमला करने की कोशिश की। जब हम संघर्ष कर रहे थे और मेरा (पुरुष) दोस्त हमें बचाने आया, तो उन तीनों लोगों ने उसे हॉकी स्टिक से मारा और चेहरे पर घूंसे मारे।
हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से हमला
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि तीनों लोगों ने हॉकी स्टिक से उनके दो अन्य दोस्तों पर हमला किया, लोहे की रॉड निकाला और उनकी पिटाई की। शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि वे लोग नशे में लग रहे थे और उन्होंने जान-बूझकर कार की नंबर प्लेट हटा दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के दखल के बाद भी, उन लोगों ने भागने की कोशिश की और अपनी कार से हमें टक्कर भी मारी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उन्हें दो गुटों के बीच बहस होती दिखी। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
महिला ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की
अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि मैं नॉर्थ-ईस्ट के नागालैंड से हूं और इस घटना के बाद अब मुझे सुरक्षित महसूस नहीं हो रहा है। मेरी गुजारिश है कि आप दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करें। यह हमारे खिलाफ हत्या और अपहरण की कोशिश है।

