Homeक्राइमदिल्ली: जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, एनकाउंटर में...

दिल्ली: जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, एनकाउंटर में आरोपी को लगीं 6 गोलियां, DCP ने बताया पूरा मामला

दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में काउंसलिंग के लिए बुलाए गए 30 वर्षीय नबील ने अचानक चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। 5 पुलिसकर्मियों को घायल कर वह स्कूटी लूटकर फरार हो गया। चितली कब्र इलाके में घेराबंदी के दौरान 4 और जवानों पर हमला किया। आखिरकार पुलिस ने 8 राउंड फायरिंग की, जिसमें 6 गोलियां उसके पैरों में लगीं।

हाइलाइट्स

थाने में चाकू से 5 पुलिसकर्मी घायल
स्कूटी लूटकर फरार हुआ आरोपी
एनकाउंटर में 6 गोलियां लगने से घायल

नई दिल्ली: तीन घंटे, दो जगहों पर चाकू से हमला, एक स्कूटी की लूट और आखिर में पुलिस के साथ मुठभेड़। सोमवार को नबील ने जामा मस्जिद इलाके से लेकर चांदनी महल के हवेली आजम खां तक पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी। इस दौरान उसने कुल 9 पुलिसकर्मियों को चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस की कार्रवाई में उसके पैरों में 6 गोलियां लगीं। पुलिस ने तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है।

थाने के अंदर पुलिसकर्मियों पर हमला

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, वारदात सोमवार दोपहर थाने के अंदर हुई। नबील की मां और बहन ने पुलिस से शिकायत की थी कि वह उन्हें परेशान करता है। इसी सिलसिले में सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे उसे काउंसलिंग के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। पुलिसवाले उससे बातचीत कर ही रहे थे कि उसने अचानक चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। उसने चेहरे और गर्दन पर वार किए। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। रास्ते में एक शख्स से स्कूटी लूटी।

हमले में SI अजय, अरविंद और हेड कॉन्स्टेबल हरेंद्र गंभीर घायल हो गए। ASI श्रीकृष्ण और हेड कॉन्स्टेबल बलजीत को भी चोटें आई। घायलों को सर गंगाराम अस्पताल पहुंचाया गया।

दर्ज की गई 3 FIR

डीसीपी ने बताया इस मामले में आर्म्स एक्ट और सरकारी कर्मचारी पर हमले समेत कई धाराओं में केस दर्ज होगा। दूसरी वारदात में स्कूटी छीनने की और तीसरी एफआईआर मुठभेड़ के दौरान 4 पुलिसकर्मियों को चाकू मारने की दर्ज की गई है।

थाने से भागकर स्कूटी लूटी

पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद नबील थाने से बाहर नागा। रास्ते में एक राहगीर को चाकू दिखाकर उसकी स्कूटी लूट ली। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले की एएटीएस और स्पेशल स्टाफ की ज्वाइंट टीमें बनाई। उसकी तलाश में आसपास के इलाकों में घेराबंदी की गई।

पुलिस के घेरे में भी नहीं रुका

पुलिस को नबील की लोकेशन चितली कब्र के पास हवेली आजम खां में मिली। टीम ने उसे घेरा तो उसने फिर चाकू निकालकर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों ने उसे नीचे गिराकर पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह गिरते हुए भी वार करता रहा। इस दौरान स्पेशल स्टाफ के कॉन्स्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए।

जवाबी कार्रवाई में 8 राउंड फायर

नबील के लगातार हमले को देखते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, उसे काबू करने के लिए 8 राउंड फायर किए गए। सभी गोलियों कमर से नीचे निशाना बनाकर चलाई गई। इनमें से 6 गोलियां उसके पैरों में लगीं। उसे काबू कर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताचिक, नबील के खिलाफ इससे पहले साल 2022 में दरियागंज थाने में खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाने का मामला दर्ज हुआ था।

लोगों में दहशत

हवेली आजम खां जैसे घनी आबादी वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से लोग सहम गए। यहां रहने वाले नासिर खां के मुताबिक, वह घटनास्थल के पास से गुजर रहे थे, तभी अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को देखकर लोग डर गए। पुलिस ने देर रात तक इलाके में जांच और घेराबंदी जारी रखी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments