Homeक्राइमदुबई में नौकरी करने गई महिला को देह व्यापार में धकेला, दिव्यांग...

दुबई में नौकरी करने गई महिला को देह व्यापार में धकेला, दिव्यांग पति ने केंद्रीय मंत्री से लगाई गुहार; भारत लौटी

दुबई में होटल की नौकरी और 1.25 लाख रुपये वेतन का झांसा देकर महिला को कथित तौर पर बंधक बनाया गया. विदेश मंत्रालय और भारतीय वाणिज्य दूतावास की मदद से महिला सुरक्षित मुंबई लौटी.

बेहतर नौकरी और अच्छी कमाई का सपना लेकर दुबई गई महाराष्ट्र की एक महिला के साथ धोखाधड़ी और शोषण का मामला सामने आया है. महिला को होटल में नौकरी और 1.25 लाख रुपये महीने वेतन देने का वादा किया गया था. लेकिन दुबई पहुंचने के बाद उसे कथित तौर पर वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर किया गया. विरोध करने पर पासपोर्ट छीन लिया गया और रिहाई के बदले 5 लाख रुपये मांगे गए.

एक न्यूज एजेंसी के अनुसार, केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल के हस्तक्षेप और विदेश मंत्रालय की मदद से महिला को सुरक्षित भारत वापस लाया गया है. वह मुंबई पहुंच चुकी है.

पति ने मंत्री के कार्यालय पहुंचकर मांगी मदद

गुरुवार को मुरलीधर मोहोल के कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, महिला के पति ने पुणे के जंगली महाराज रोड स्थित उनके कार्यालय पहुंचकर मदद मांगी थी. उसने बताया कि उसकी पत्नी को दुबई में बंधक बनाकर रखा गया है और उसका पासपोर्ट भी छीन लिया गया है.

महिला का पति दिव्यांग है. परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण महिला नौकरी की तलाश में दुबई गई थी. इसी दौरान वॉट्सएप के जरिए एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया और होटल में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया. उसे हर महीने 1.25 लाख रुपये वेतन देने का वादा किया गया था.

दुबई पहुंचते ही बदल गई तस्वीर

बयान के मुताबिक, दुबई पहुंचने के बाद महिला को कथित तौर पर वेश्यावृत्ति करने के लिए मजबूर किया गया. जब उसने ऐसा करने से इनकार किया, तो उसे कैद कर लिया गया. आरोप है कि उसे छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये मांगे गए और उसका पासपोर्ट भी अपने कब्जे में रख लिया गया.

महिला के पति से शिकायत मिलने के बाद मोहोल के कार्यालय ने सीधे उससे संपर्क किया. इसके बाद उसे सुरक्षित वापस लाने के प्रयास शुरू किए गए.

विदेश मंत्रालय और भारतीय वाणिज्य दूतावास ने की मदद

मुरलीधर मोहोल ने मामले में विदेश मंत्रालय से संपर्क किया. दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास की मदद से महिला का पता लगाने और उसके साथ लगातार संपर्क बनाए रखने की कोशिश की गई.

मोहोल ने UAE में महाराष्ट्र सरकार के प्रतिनिधि और IPF महाहेल्पलाइन के प्रमुख राहुल तुलपुले से भी संपर्क किया. लगातार प्रयासों के बाद महिला का पासपोर्ट वापस मिल गया. इसके बाद वह कैद से बाहर निकलने में सफल रही.

बयान के अनुसार, महाहेल्पलाइन के सदस्यों ने महिला को सुरक्षित भारतीय वाणिज्य दूतावास तक पहुंचाया. जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मोहोल के कार्यालय ने उसके लिए भारत आने का हवाई टिकट बुक कराया. इसके बाद महिला सुरक्षित मुंबई लौट आई.

पुणे पुलिस से जांच की मांग

मुरलीधर मोहोल ने इस मामले में पुणे पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर विस्तृत जांच की मांग की है. उन्होंने आशंका जताई है कि इसके पीछे एजेंटों का बड़ा नेटवर्क हो सकता है, जो महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर विदेश ले जाता है और फिर उनका शोषण करता है.

उन्होंने पुलिस से संबंधित सरकारी एजेंसियों की मदद लेकर पूरे मामले की गहन जांच करने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और लोगों को ऐसे फर्जी नौकरी प्रस्तावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments