दिल्ली पुलिस ने हजरत निजामुद्दीन इलाके में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग कर हत्या करने की साजिश को नाकाम करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में दिल्ली पुलिस को हजरत निजामुद्दीन थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग को अंजाम देने की कोशिश को नाकाम करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है।
आरोपियों के पास से मिली पांच पिस्तौल
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों के पकड़े जाने की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच सेमी ऑटोमेटिक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह साजिश राशिद केबलवाला गिरोह से जुड़ी हुई थी।
वारदात को अंदाम देने से पहले पकड़े आरोपी
राशिद केबलवाला गैंग नेटवर्क से जुड़े सदस्य इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग करने पहुंचे थे। हालांकि वारदात को अंजाम देने से पहले पुलिस ने दो हथियारबंद संदिग्धों और एक नाबालिग को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, राशिद केबलवाला ने कथित तौर पर इन्फ्लुएंसर की हत्या का निर्देश दिया था। पकड़े गए आरोपियों ने हथियारों के साथ वीडियो भी अपने हैंडलर को भेजा था।
लाल किले पर गाड़ी खड़ी करवाने के नाम पर वसूल रहा था पैसे
वहीं एक दूसरे मामले में दिल्ली पुलिस ने लाल किले के पास नगर निगम की फर्जी पार्किंग पर्चियां जारी कर वाहन चालकों से अवैध वसूली करने के आरोप में 40 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि आरोपी की पहचान दिल्ली के शास्त्री पार्क निवासी मोहम्मद नौशाद के रूप में हुई है।
पार्किंग संचालन का वैध लाइसेंस नहीं दिखा पाया आरोपी
उन्होंने आगे कहा कि बृहस्पतिवार को सूचना मिली थी कि लाल किला स्टेशन के मेट्रो गेट नंबर-दो के पास एक व्यक्ति बिना अनुमति पार्किंग शुल्क वसूल रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने सुबह करीब 10 बजकर 40 मिनट पर मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा पार्किंग संचालन का वैध लाइसेंस या अनुमति मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
जांच में आया सामने
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी को एमसीडी ने 17 दिसंबर 2024 से तीन साल के लिए पार्किंग संचालन का लाइसेंस दिया था, लेकिन बकाया राशि का भुगतान नहीं करने के कारण अगस्त 2026 में उसका लाइसेंस रद्द कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से ‘एमसीडी ऑथ. एससीटी./बाइक पार्किंग’ लिखी 100 पर्चियों की एक पुस्तिका बरामद की, जिनमें से 18 इस्तेमाल की गई थीं, जबकि 82 पर्चियां खाली थीं।

