पूर्वी दिल्ली के निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन के पास विकास मार्ग पर 240 मीटर लंबा स्काईवॉक बनाया जाएगा। चार आर्म वाले इस स्काईवॉक से लक्ष्मी नगर मार्केट, मॉल और प्रीत विहार के कमर्शल एरिया तक पहुंच आसान होगी। इससे पैदल यात्रियों को जाम से भी राहत मिलेगी।
नई दिल्ली: निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन से आसपास के बाजारों और मॉल में आने-जाने वालों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए विकास मार्ग पर 240 मीटर लंबा स्काईवॉक बनाया जाएगा। आईटीओ और बेनितो जुआरेज मार्ग पर बने स्काईवॉक के बाद यह दिल्ली का तीसरा सबसे बड़ा स्काईवॉक होगा। यह 4-आर्म स्काईवॉक होगा और प्रत्येक आर्म की लंबाई करीब 60 मीटर होगी।
जमीन से स्काईवॉक की ऊंचाई करीब 5.5 से 6 मीटर होगी। यह पूर्वी दिल्ली में पहला स्काईवॉक होगा। स्काईवॉक का डिजाइन फाइनल हो चुका है और अगले एक या डेढ़ महीनों में इसका कंस्ट्रक्शन शुरू हो जाएगा। पीडब्ल्यूडी अफसरों के अनुसार निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन के पास विकास मार्ग और पटपड़गंज रोड चौराहा है।
इन सड़कों के एक तरफ मॉल है और दूसरी तरफ लक्ष्मी नगर मार्केट है। प्रीत विहार का कमर्शल एरिया भी पास में ही है। इसलिए मेट्रो स्टेशन से उतरने के बाद इन स्थानों पर जाने के लिए चौराहे पर पैदल रोड पार करना मुश्किल होता है। इसलिए चौराहे के आसपास ही 240 मीटर लंबा 4-आर्म स्काईवॉक बनाया जाएगा।
जाम से राहत दिलाएगा स्काईवॉक, पैदल यात्रियों को मिलेगी सहूलियत
प्रत्येक आर्म का कॉरिडोर 3 मीटर चौड़ा रखा जाएगा। चारों आर्म पर बनने वाली सीढ़ियों की चौड़ाई 2 मीटर रखी जाएगी। लिफ्ट की ऊंचाई 12 मीटर तक होगी। यहां स्काईवॉक बनाने की एक वजह विकास मार्ग पर लगने वाला जाम भी है। पीक आवर्स के दौरान पैदल रोड पार करने वालों के चलते गाड़ियों की गति धीमी हो जाती है और कई बार लंबा जाम लग जाता है।
चौराहे और मेट्रो स्टेशन को कनेक्ट करेगा
प्रस्तावित स्काईवॉक पूर्वी दिल्ली का पहला स्काईवॉक होगा। इसके पहले, आईटीओ और बेनितो जुआरेज मार्ग पर स्काईवॉक बनाया गया है। आईटीओ डब्ल्यू पॉइंट पर बने मेन स्काईवॉक की लंबाई 485 मीटर है और चौड़ाई 5 मीटर है। स्काईवॉक के रैंप और लूप को भी इसमें शामिल कर दें तो कुल लंबाई 615 मीटर है। आईटीओ के पास स्काईवॉक 30 हजार पेडेस्ट्रियन के लिए डिजाइन किया गया है। लेकिन, निर्माण विहार रेड लाइट पर प्रस्तावित स्काईवॉक का डिजाइन थोड़ा अलग बनाया गया है, ताकि चौराहे और मेट्रो स्टेशन को पूरी तरह से कनेक्ट कर दिया जाए। बेनितो जुआरेज मार्ग पर जो स्काईवॉक है, उसकी लंबाई करीब 600 मीटर है।

