सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के एक नेता की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर नए गठबंधन और तीसरे मोर्चे की संभावना को लेकर किए गए पोस्ट से सियासी हलचल तेज हो गई है।
लखनऊ: यूपी के विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी यानी सुभासपा के एक नेता की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर नए गठबंधन और तीसरे मोर्चे की संभावना को लेकर किए गए पोस्ट से सियासी हलचल तेज हो गई है। इस वायरल ट्वीट को लेकर सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है।
राजभर ने इस पोस्ट को संबंधित नेता का व्यक्तिगत विचार बताते हुए साफ चेतावनी दी है कि यदि बिना पूछे इस तरह के बयान दिए गए तो संबंधित नेता की खैर नहीं होगी और उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।
क्या था वायरल ट्वीट, जिस पर भड़के सुभासपा प्रमुख?
दरअसल, पीयूष मिश्रा नाम के एक सुभासपा नेता के सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट साझा की गई थी, जिसमें आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए एक नए राजनीतिक समीकरण का सुझाव दिया गया था। इस पोस्ट में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल, अपना दल (सोनेलाल), निषाद पार्टी और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के एक साथ मिलकर चुनाव लड़ने की वकालत करते हुए इसे प्रदेश की राजनीति में एक बहुत बड़ी ‘तीसरी ताकत’ बताया गया था। ट्वीट में इन पांचों दलों के सामाजिक और क्षेत्रीय आधार यानी जाट, राजभर, कुर्मी, निषाद व दलित मतदाता का हवाला देते हुए इनकी सबसे बड़ी ताकत सामाजिक न्याय बताई गई थी।
’तत्काल डिलीट करो वरना पार्टी से निकाल दूंगा’
पार्टी नेता के इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए सुभासपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि यह पूरी तरह से उनका व्यक्तिगत ट्वीट है। राजभर ने कह कि जब मैंने यह पोस्ट देखा तो उनसे पूछा, जिस पर उन्होंने कहा कि यह मैंने व्यक्तिगत रूप से किया है। मैंने उनसे साफ कह दिया है कि तत्काल उसको डिलीट करो नहीं तो पार्टी से निकाल दूंगा। पार्टी से अलग होकर चाहे जितना ट्वीट करना हो करो। ऐसे बयान बगैर हमसे पूछे अगर किसी ने दिए, तो उसकी खैर नहीं है।
किसी प्रेशर से किया इनकार
इस पूरे मामले में किसी तरह के राजनीतिक दबाव होने की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने NDA गठबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि किसी बात का कोई प्रेशर नहीं है। NDA में हम चार सहयोगी दल हैं और चारों को जो सीटें मिलनी हैं, वे मिलेंगी। भारतीय जनता पार्टी की सराहना करते हुए राजभर ने कहा कि भाजपा खुद अपने आप में एक बहुत बड़ी पार्टी है। हम उनके साथ हैं इसलिए उनकी मदद करना हमारा कर्तव्य है और हमें साथ लेकर चलना उनका कर्तव्य है। उन्होंने भरोसा जताया कि हमारी जो ताकत और पौरुष है, भाजपा हमें उतनी सीटें जरूर देगी।

