दिल्ली नगर निगम ने सफाई कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए 2,000 नियमित दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। करीब 35 साल बाद हो रही इस भर्ती में वाल्मीकि समाज के बेरोजगार युवाओं को मौका मिलेगा। कर्मचारियों की तैनाती 12 जोनों में होगी।
नई दिल्ली: एमसीडी में सफाई कर्मचारियों की सीधी भर्ती का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म होने की उम्मीद है। निगम ने सफाई कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए 2,000 नए कर्मचारियों को नियमित दैनिक वेतनभोगी (रेगुलर डेलीजिविज) के तौर पर नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की है। इन कर्मचारियों को जरूरत के अनुसार एमसीडी के 12 जोनों में तैनात किया जाएगा।
एमसीडी के डेम्स विभाग के अनुसार, 1989 में सफाई कर्मचारियों को सब्स्टीच्यूट के रूप में रखने की व्यवस्था शुरू हुई थी। इसके बाद 1997 में इसी आधार पर भर्ती की गई, लेकिन तब से अब तक सीधी भर्ती नहीं हुई। 1991 की जनगणना के समय दिल्ली की आबादी करीब 94.21 लाख थी और सफाई कर्मचारियों की संख्या लगभग 40 हजार थी। अब दिल्ली की आबादी 2.5 से 3 करोड़ के बीच होने का अनुमान है, जबकि सफाई कर्मचारियों की संख्या करीब 65 हजार है। अधिकारियों के मुताबिक, आबादी के अनुपात में शहर को बेहतर सफाई व्यवस्था देने के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाना जरूरी है।
वाल्मीकि समाज के युवाओं को मिलेगा मौका
मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि 35 साल बाद 2,000 सफाई कर्मचारियों की भर्ती की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। उन्होंने कहा कि इससे उन वार्डों में कर्मचारियों की कमी दूर होगी, जहां लंबे समय से सफाई व्यवस्था प्रभावित है। नए कर्मचारियों की तैनाती जरूरत के आधार पर अलग-अलग जोनों में की जाएगी। डेम्स कमेटी के चेयरमैन संदीप कपूर ने बताया कि भर्ती होने वाले कर्मचारियों को दिल्ली सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन दिया जाएगा। भर्ती के नियम और योग्यता तय करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि इस भर्ती में वाल्मीकि समाज के बेरोजगार युवाओं को शामिल किया जाएगा।
2000 रेगुलर डेलीजिविज कर्मचारी रखे जाएंगे
पहले ठेके पर रखने का हुआ था फैसला एमसीडी ने पहले 2,000 कर्मचारियों को ठेके पर रखने का फैसला किया था, लेकिन सफाई कर्मचारी यूनियनों के विरोध के बाद इसे वापस लेना पड़ा। इसके बाद निगम ने नियमित दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की भर्ती का निर्णय लिया।

