महाराष्ट्र में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) कमिश्नर तुकाराम मुंडे के नेतृत्व में पूरे राज्य में बड़ी कार्रवाई की जा रही हैं। इसी क्रम में महाराष्ट्र के ‘मिनी कश्मीर’ के नाम से मशहूर महाबलेश्वर में तीन जाने-माने होटलों के फूड बिजनेस के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
मुंबई\सतारा: आईएएस तुकाराम मुंढे ( IAS Tukaram Mundhe ) की अगुवाई में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने महाबलेश्वर के कई प्रमुख होटलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। एफडीए की टीम की ओर से की गई अचानक छापेमारी में साफ-सफाई के मानकों में गंभीर कमियां पाई गईं। इसके चलते महाबलेश्वर में तीन होटलों के फूड बिजनेस के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं, जबकि पांच अन्य होटलों को नोटिस जारी कर कमियों को सुधारने का निर्देश दिया गया है। दिवाली की छुट्टियों के बीच हुई इस कार्रवाई से पहले से बुकिंग करा चुके सैकड़ों पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं संबंधित होटल मालिकों को भी बड़ा झटका लगा है।
फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर का पद संभालने के बाद से ही तुकाराम मुंडे ने पूरे राज्य में नियमों का सख्ती से पालन कराने का अभियान शुरू कर दिया है। दिवाली की व्यस्त छुट्टियों के दौरान संयुक्त आयुक्त संजय शिंदे के नेतृत्व में एफडीए की टीम ने महाबलेश्वर में अचानक छापेमारी की। महाबलेश्वर को महाराष्ट्र का ‘मिनी कश्मीर’ कहा जाता है। एफडीए की कार्रवाई से इससे स्थानीय होटल व्यवसायी सकते में आ गए। एफडीए टीम ने कई होटलों की रसोई और वहां की अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।
तीन प्रमुख होटलों में मिलीं गंभीर कमियां
छापेमारी के दौरान एफडीए टीम ने तीन जाने-माने होटलों में साफ-सफाई से जुड़े गंभीर उल्लंघन पाए, जबकि पांच अन्य होटलों में भी स्वच्छता नियमों का पालन नहीं होता पाया गया। होटल एवरशाइन (महाबलेश्वर), होटल रामसुख (क्षेत्र महाबलेश्वर) और होटल ब्राइटलैंड (नकिंडा) में सबसे गंभीर कमियां पाई गईं। इनके फूड बिजनेस के लाइसेंस एक निश्चित अवधि के लिए निलंबित कर दिए गए हैं। नतीजतन इन होटलों को अपनी सभी फूड सर्विस को बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
होटल मालिकों और पर्यटकों पर असर
पर्यटक आमतौर पर दिवाली की छुट्टियों के लिए दो से तीन महीने पहले ही होटल बुक कर लेते हैं। महाबलेश्वर के सभी होटल पहले से ही पूरी तरह बुक थे। ऐसे में इस अचानक हुई कार्रवाई ने होटल मालिकों और पर्यटकों दोनों को बुरी तरह प्रभावित किया है। कुछ पर्यटकों को अपनी यात्रा की योजना रद्द करनी पड़ी है, जबकि कई अन्य लोग आखिरी समय में रहने के लिए कोई दूसरी जगह खोजने की कोशिश कर रहे हैं।

