डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने ठाणे में रेलादेवी झील के पास आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान एकनाथ शिंदे ने उत्तर भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि शिव सैनिक छठ पूजा समारोह के आयोजन में उनके साथ खड़े हैं।
मुंबई: यूपी-बिहार की तरह महाराष्ट्र में भी छठ पूजा की धूम मची है। ठाणे की रैलादेवी झील में रविवार को छठ पूजा समारोह आयोजित किया गया। इसमें उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विपक्ष से अपील की कि वे इस आयोजन का राजनीतिकरण न करें। उपमुख्यमंत्री शिंदे हर साल ठाणे में उत्तर भारतीय समुदाय की ओर आयोजित छठ पूजा समारोह में शामिल होते हैं। इस साल भी पुणे के अपने निर्धारित दौरे से लौटने के बाद शिंदे वागले एस्टेट स्थित रैलादेवी झील के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उत्तर भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि छठ पूजा के आयोजन में उनके ‘शिव सैनिक’ (पार्टी कार्यकर्ता) उनके साथ खड़े हैं।
त्योहारों ने कोरोना को भगा दिया
एकनाथ शिंदे ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री बना, तब कोरोना महामारी के कारण सभी त्योहारों पर पाबंदियां थीं और मंदिर बंद थे। जैसे ही महामारी का असर कम होने लगा। मैंने सबसे पहले इन पाबंदियों को हटाया। हमने गोकुलाष्टमी का भव्य आयोजन देखा और उसके बाद गणेशोत्सव और नवरात्रि भी पूरे उत्साह के साथ मनाए गए। अब जब छठ पूजा भी इतने जोश के साथ मनाई जा रही है, तो ऐसा लगता है मानो कोरोना कहीं भाग ही गया हो।
एकनाथ शिंदे ने अपने भाषण में क्या कहा?
छठ पूजा के महत्व को समझाते हुए शिंदे ने बताया कि इस अनुष्ठान में उगते और डूबते, दोनों सूर्यों की पूजा की जाती है। सूर्य समस्त जीव-जगत का आधार है, और उसकी पूजा करना प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का एक तरीका है। महिलाएं गहरी आस्था और श्रद्धा के साथ यह व्रत रखती हैं। परिवार की सुख-समृद्धि, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और समाज के कल्याण के लिए किया जाने वाला यह पूजन, भारतीय संस्कृति की एक अनूठी परंपरा है। शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र एक ऐसी भूमि है जहां विभिन्न भाषाएं, धर्म और संस्कृतियां एक साथ मिलती हैं। हर समुदाय के त्योहार और उत्सव हमारी सामाजिक एकता को मजबूती प्रदान करते हैं। इसलिए सभी को ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने इन उत्सवों के माध्यम से भाईचारे की भावना को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया।
कोरोना महामारी पर क्या कहा?
उन्होंने याद दिलाया कि 2022 में मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद उन्होंने COVID-19 महामारी के दौरान लगाई गई पाबंदियों को धीरे-धीरे हटाने का फैसला लिया, जिससे सभी त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को फिर से शुरू करने की अनुमति मिल सकी। सरकार का हमेशा से यह मानना रहा है कि गोपालकाला, दही हांडी और नवरात्रि जैसे त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने हमेशा छठ पूजा जैसी परंपराओं को बढ़ावा दिया है।
किसानों के संकट पर भी बोले शिंदे
शिंदे ने कहा कि राज्य के किसान इस समय कई तरह के संकटों का सामना कर रहे हैं। ऐसे हालात में यह जरूरी है कि सभी लोग एकजुट होकर किसान समुदाय का समर्थन करें। सरकार पूरी ताकत से किसानों के साथ खड़ी है और समाज के हर वर्ग को भी उनकी मदद के लिए आगे आना चाहिए। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने आग्रह किया कि संकट के समय में राजनीति को एक तरफ रखकर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने छठ पूजा के आयोजन के लिए कड़ी मेहनत करने वाले सभी आयोजकों, स्वयंसेवकों और नागरिकों को बधाई दी। अपनी शुभकामनाएं देते हुए, उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी को छठ माता का आशीर्वाद मिले और उनका जीवन खुशियों, संतोष और समृद्धि से भर जाए।

