दिल्ली के मोती नगर में कपड़े के शोरूम के चेंजिंग रूम में शबनम की हत्या के आरोपी सूरज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। परिवार का आरोप है कि शादी से इनकार करने पर सूरज ने शबनम को धमकी दी थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
नई दिल्ली: मोती नगर में मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक कपड़े के शोरूम के चेंजिंग रूम में युवती की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। एडशनल डीसीपी वेस्ट सतीश चंद्र ने बताया कि शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपी की पहचान हुई। एसीपी पंजाबी बाग की निगरानी में पुलिस की 10 टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया था। रविवार दोपहर सूरज को गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि शबनम की दो बड़ी बहनों की शादी आरोपी सूरज के दो बड़े भाइयों से 2023 में हुई थी।
पुलिस ने सूरज को भले ही गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन परिवार वाले इस मामले में आरोपी के दो बड़े भाइयों, उनके पिता और मां पर भी गंभीर आरोप लगा रहे हैं। आरोप है कि यदि वे लोग सूरज को सपोर्ट नहीं करते, तो आज उनकी बेटी जिंदा होती। मृतका की मां ने बताया कि शुक्रवार को ही सूरज ने बेटी को धमकाया था कि अगर शादी नहीं करोगी तो जान से मार देंगे। हमें नहीं पता था कि वह बेटी की जान ले लेगा।
घूंसा मार मुंह और आंख सुजा दिया था
मृतका के भाइयों ने बताया कि शबनम आरोपी से शादी के लिए तैयार नही थी। उसका कहना था कि वे लोग बहनों की देखभाल ढंग से नही करते है। उनके साथ मारपीट करते है तो उसी घर में जाकर क्यों जिंदगी खराब करेगी। इसी बात को लेकर 2025 में सूरज ने घूसा मारकर उसकी आंख और मुंह सुजा दिया था। बहनों का घर बर्बाद ना हो इस वजह से समझौता कर लिया गया था।
शुरू में शोरूम में नहीं मिली थी शबनम
जिस शोरूम में हत्या हुई, उसके ठीक सामने दुकान चलाने वाली प्रत्यक्षदर्शी आसू ने बताया कि शनिवार शाम 6:45 बजे के आसपास उन्होंने शबनम को फोन यूज करते देखा था, लेकिन 7:30 बजे के आसपास शॉप के ओनर का फोन आया कि शबनम अंदर कही दिख नहीं रही है। दुकान खुली छोड़कर कही चली गई है, कस्टमर लौट रहे है। जब आसू वहां शोरूम में पहुची तो शबनम दिखाई नहीं पड़ी। उसके बाद मालिक ने किसी को भेजा। उन्होंने शटर बंद कर दिया और चले गए।
ऐसे हुआ शक CCTV में नहीं दिखी बाहर जाते हुए
वे लोग 8:30 बजे के आसपास फिर आए और सीसीटीवी फुटेज में चेक किया, तो शबनम दुकान से बाहर जाती दिखाई नहीं दी। एक बार और अंदर तलाशी लेना चाहते हैं, वह महिला उन लड़कों के साथ दुकान के अंदर ढूंढने गई। सभी ने मिलकर खोजबीन शुरू की, तो चेंजिंग रूम के पास शबनम के दुपट्टे पर नजर पड़ी। नजदीक पहुंचने पर वहां खून बहता दिखा। कुंडी बाहर से लगी थी।
शनिवार को DDU में किया गया पोस्टमार्टम
अंदर खोलकर देखा तो शबनम खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई मिली। जांच में पता चला कि सूरज कई दिनों से मौके की तलाश में था। शनिवार को अकेला देखकर वह दुकान के अंदर घुसा और शबनम को बाल पकड़कर खींचते हुए चेंजिंग रूम तक लेकर गया और चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। रविवार को हरिनगर के दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शबनम के शव को परिवार वालो को सुपुर्द कर दिया गया।

