महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक दुकान से लगभग 40 लाख रुपये की ब्यूटी क्रीम जब्त की गईं। सरकारी प्रयोगशाला की रिपोर्ट के अनुसार, इनमें खतरनाक स्तर तक पारा (मरकरी) पाया गया है। एक उत्पाद में तो पारे की मात्रा तय सीमा से 48,000 गुना से भी अधिक पाई गई।
नांदेड़ : करीब चार महीने पहले नांदेड़ पुलिस ने ‘मेड इन पाकिस्तान’ लेबल वाले सौंदर्य उत्पाद जब्त किए थे। इनकी जांच के लिए सैंपल भेजे गए थे। सरकारी प्रयोगशाला की रिपोर्ट में अब चौंकानेवाली जानकारी सामने आई है। क्रीम में पारा और आर्सेनिक समेत जहरीली भारी धातुओं का स्तर खतरनाक रूप से अधिक पाया गया है। डरानेवाली बात है कि एक उत्पाद में तो मरकरी की मात्रा तय सीमा से 48000 गुना ज्यादा मिला। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 9 जुलाई को नांदेड़ के मक्का गली इलाके में अफराह कलेक्शन (अफराह टूर्स एंड ट्रैवल्स) पर की गई छापेमारी के दौरान, लगभग 39.69 लाख रुपये मूल्य के उत्पाद जब्त किए गए थे।
ब्यूटी क्रीम में कितना खतरनाक मरकरी
छापेमारी के दौरान लिए गए नमूनों की जांच में पता चला कि ‘पार्ले 24K गोल्ड ग्लीम ब्यूटी क्रीम’ ( PARLEY 24K Gold Gleam Beauty Cream ) में 48,453.44 पार्ट्स प्रति मिलियन (PPM) पारा था, जबकि इसकी स्वीकार्य सीमा केवल 1 PPM है। इसी तरह, ‘गोरी ब्यूटी क्रीम विद लाइकोपीन’ ( GOREE Beauty Cream with Lycopene) में 6,924.94 PPM पारा पाया गया।
पुलिस ने मारे थे छापे
पुलिस ने बताया कि यह छापेमारी इतवारा थाने की एक टीम ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के अधिकारियों के साथ मिलकर की थी। दुकान संचालक मोहम्मद जियाउद्दीन मोहम्मद वाजिद के पास से ऐसे सौंदर्य उत्पाद मिले, जिन पर उर्दू और अंग्रेजी में लगे लेबल में उनके पाकिस्तान में बने होने का दावा किया गया था।
विशेषज्ञों ने जताई चिंता
अधिकारियों ने कहा कि जांच में सामने आए इन तथ्यों से नकली उत्पादों के कारण स्वास्थ्य को होने वाले संभावित नुकसान को लेकर गंभीर चिंता पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि सौंदर्य प्रसाधनों के जरिए पारे और आर्सेनिक के अत्यधिक संपर्क में लंबे समय तक रहने से त्वचा संबंधी गंभीर बीमारियां, गुर्दे को नुकसान और तंत्रिका तंत्र से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम और विदेशी व्यापार (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने नागरिकों से नकली, बिना लाइसेंस वाले या संदिग्ध आयातित उत्पादों की बिक्री की सूचना देने की अपील की है।
महाराष्ट्र FDA ने लगाई है रोक
यह मामला तब सामने आया है, जब कुछ महीने पहले ही महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पाकिस्तान से आई स्किन-लाइटनिंग (त्वचा गोरी करने वाली) क्रीमों में जहरीली धातुओं की अत्यधिक मात्रा होने की चेतावनी दी थी। FDA ने इन तीन उत्पादों की बिक्री और वितरण पर तुरंत रोक लगाने का आदेश दिया था। सितंबर में, सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (CDSCO) ने भी पाकिस्तान के लेबल वाली दो व्हाइटनिंग क्रीमों के खिलाफ सार्वजनिक स्वास्थ्य चेतावनी जारी की थी। इसमें बताया गया था कि भारत में इनकी बिक्री के लिए कोई अनुमति नहीं है और इनमें तय सीमा से कहीं अधिक मात्रा में भारी धातुएं (हेवी मेटल्स) मौजूद हैं।

