Homeटॉप न्यूज़NCP के विलय की अटकलों पर विराम, सुप्रिया सुले बोलीं- अजित पवार...

NCP के विलय की अटकलों पर विराम, सुप्रिया सुले बोलीं- अजित पवार के निधन ने सबकुछ बदला, किसी ने संपर्क नहीं किया

एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की अटकलों को सुप्रिया सुले ने खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि अजित पवार के निधन के साथ ही विलय की संभावना खत्म हो गई थी। वहीं, सुनील तटकरे ने भी चर्चाओं को निराधार बताया।

मुंबई: एनसीपी के दोनों गुटों के एक होने की अटकलों पर सुप्रिया सुले ने विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ कहा कि विलय को लेकर उनसे किसी ने संपर्क नहीं किया है और न ही इस संबंध में कोई प्रस्ताव मिला है। सुप्रिया सुले ने कहा कि उनके चचेरे भाई और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के साथ ही दोनों पार्टियों के फिर से एक होने की संभावना खत्म हो गई थी। बता दें कि उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने एक दिन पहले विलय की चर्चाओं पर कहा था कि सही समय आने पर सब पता चल जाएगा।

सुप्रिया सुले ने क्या कहा

पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुप्रिया सुले से एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि मुझे विलय का कोई प्रस्ताव नहीं मिला है, इसलिए मुझे नहीं पता कि आप किस प्रस्ताव की बात कर रहे हैं। किसी ने मुझसे संपर्क नहीं किया है और न ही इस बारे में मुझसे कोई बात की है। पिछले एक सप्ताह के दौरान NCP के कई वरिष्ठ नेताओं की शरद पवार से मुलाकात को लेकर भी उनसे सवाल किया गया तो इस पर सुप्रिया सुले ने कहा कि वह अपने अनुभव के आधार पर ही बात कर सकती हैं।

अजित पवार के निधन के बाद खत्म हो गई थी बात

सुप्रिया सुले ने बताया कि अजित पवार के जीवित रहने के दौरान दोनों पार्टियों के विलय को लेकर चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि अजित पवार ने इस विषय पर परिवार और पार्टी के अन्य लोगों से बातचीत की थी। सुले के मुताबिक, 17 जनवरी को बारामती स्थित गोविंदबाग में हुई बैठक का वीडियो भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है। उस समय सभी को पता था कि दोनों पार्टियां किस दिशा में आगे बढ़ रही थीं। हालांकि, अजित पवार के अचानक निधन के बाद पूरी स्थिति बदल गई और यह बातचीत वहीं खत्म हो गई। उन्होंने पिछले सप्ताह NCP के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच हुई मुलाकात पर टिप्पणी करने से भी इनकार कर दिया। उन्होंने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताया।

सुनील तटकरे ने भी अटकलों पर लगाया विराम

दूसरी ओर, एनसीपी महाराष्ट्र के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने भी दोनों गुटों के विलय की चर्चाओं को खारिज किया है। रायगढ़ में उन्होंने कहा कि इन अटकलों में कोई सच्चाई नहीं है और उन्हें इस तरह की किसी चर्चा की जानकारी नहीं है। तटकरे ने कहा कि एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने एक दिन पहले ही इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया था। उन्होंने कहा कि सही समय आने पर ही इस बारे में स्थिति साफ होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments