Homeभारतमहाराष्ट्रासड़क पर निकली बाघिन और 4 शावक... एक साथ 5 बाघों को...

सड़क पर निकली बाघिन और 4 शावक… एक साथ 5 बाघों को देख रुक गईं गाड़ियां, वीडियो में कैद हुआ रोमांचक नजारा

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में एक बाघिन अपने चार शावकों के साथ सड़क पर घूमने निकल पड़ी. पलसगांव रोड पर एक साथ पांच बाघों को देखकर राहगीरों ने गाड़ियां रोक दीं. इसी के साथ इस रोमांचक नजारे का वीडियो बना लिया.

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में सड़क पर अचानक पांच बाघों का परिवार दिखाई दिया. एक बाघिन अपने चार शावकों के साथ सड़क पर चहलकदमी करती नजर आई. वहां से गुजर रहे लोग यह नजारा देखकर हैरान रह गए. किसी ने गाड़ी रोक ली तो किसी ने मोबाइल निकालकर इस पूरे दृश्य को कैमरे में कैद कर लिया. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

जो वीडियो सामने आया है, वह महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के चिमूर इलाके का है. यहां पलसगांव रोड पर बीती शाम करीब 7 बजे के बाद जंगल से एक बाघिन अपने चार शावकों के साथ बाहर निकल आई. पांचों सड़क पर आराम से घूमते नजर आए. वीडियो में देखा जा सकता है कि बाघिन आगे चल रही है और उसके चारों शावक उसके आसपास हैं. सड़क पर गाड़ियां रुकी हुई हैं. लोग अपनी गाड़ियों से इस नजारे को देख रहे हैं और मोबाइल से वीडियो बना रहे हैं.

एक साथ पांच बाघों को सड़क पर देखकर राहगीरों के लिए यह नजारा किसी हैरानी से कम नहीं था. आमतौर पर जंगल में बाघ को देख पाना भी मुश्किल होता है. ऐसे में एक बाघिन और उसके चार शावकों को एक साथ सड़क पर घूमते देखना लोगों के लिए यादगार पल बन गया.

बाघिन का नाम जुनाबाई बताया जा रहा

जो बाघिन वीडियो में शावकों के साथ दिखी है, उसका नाम जुनाबाई है. वह अपने चार शावकों के साथ पलसगांव रोड पर पहुंच गई थी. यह इलाका पलसगांव बफर क्षेत्र में आता है. इस वीडियो को लेकर पलसगांव बफर क्षेत्र के रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर सागर बारसागड़े ने कहा कि वीडियो बीती शाम 7 बजे के बाद का है. राहगीरों के मोबाइल से रिकॉर्ड हुआ यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है.

अधिकारियों का कहना है कि चंद्रपुर का यह इलाका जंगल और वन्यजीवों की मौजूदगी के लिए जाना जाता है. जंगल से सटी सड़कों पर कई बार जंगली जानवर दिखाई दे जाते हैं. ऐसे में सड़क पर बाघ या दूसरे वन्यजीव दिखने पर लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए. अगर सड़क पर बाघ दिखाई दे तो गाड़ी से बाहर निकलकर उसके पास जाने या उसे घेरने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. जंगल के आसपास से गुजरते वक्त इंसानों को वन्यजीवों की जगह और उनके रास्ते का ध्यान रखना चाहिए.

जानवर के रास्ते में गाड़ी खड़ी करके उसे रोकना भी खतरनाक हो सकता है. सुरक्षित दूरी बनाए रखना और वन विभाग के निर्देशों का पालन करना जरूरी है. फिलहाल, जुनाबाई और उसके चार शावकों का यह वीडियो वायरल है. सड़क पर एक साथ पांच बाघों को घूमते देखना रोमांचक है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments