Homeभारतसोनिया गांधी की किताब में अहमद पटेल को लेकर बड़ी गलती, RSS,...

सोनिया गांधी की किताब में अहमद पटेल को लेकर बड़ी गलती, RSS, अन्ना आंदोलन को लेकर भी रिसर्च में रह गई बड़ी खामी

सोनिया गांधी की किताब को लेकर इस समय खूब सियासी चर्चा हो रही है। वहीं इसकी गलतियां भी एक-एक करके बाहर आ रही हैं और पता चलता है कि इसमें रिसर्च से जुड़ी बड़ी खामियां हैं।

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर देश की सियासत गरम है। कांग्रेस और उसके समर्थक जहां इसकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं, वहीं विरोधी ढूंढ़-ढूंढ़ कर कमियां निकालने में जुटे हुए हैं। वहीं जिनकी भी भावनाएं इसमें लिखी बातों से आहत हुई हैं, उनका भड़कना तो स्वाभाविक है ही। हालांकि, सोनिया गांधी की किताब में अभी तक रिसर्च से जुड़ी कम से कम तीन बड़ी गलतियां पकड़ी जा चुकी हैं। सबसे बड़ी खामी अहमद पटेल को लेकर है, जो लगभग दो दशकों तक उनके दाहिने हाथ रहे।

राजनीतिक सचिव अहमद पटेल को लेकर गलती

कांग्रेस नेता 9 दिसंबर, 2026 को 80 साल की होने वाली हैं। उसी से पहले उनकी किताब बिलॉन्गिंग:ए जर्नी ऑफ लव (Belonging: A Journey of Love) छपी है, जिसको लेकर सियासी विश्लेषणों का दौर जारी है। लेकिन, इसमें उनसे कम से कम तीन बड़ी गलतियां हुई हैं, और लगता है कि यह रिसर्च ठीक से नहीं किए जाने की वजह से हुई है। मसलन, करीब 19 साल तक अपने सलाहकार और राजनीतिक सचिव रहे दिग्गज कांग्रेसी अहमद पटेल के बारे में चैप्टर 29, पेज नंबर 1 पर जो कुछ लिखा है, उसमें तथ्यात्मक रूप से बड़ी गलती है।

वे (अहमद पटेल) 2022 में कोविड महामारी के दुर्भाग्यपूर्ण शिकार होने तक मेरे राजनीतिक सचिव रहे, जिससे पार्टी में एक खालीपन आ गया और उनकी कमी मैंने निजी तौर पर भी महसूस की। सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता

बताई गई तारीख से दो साल पहले ही गुजर गए थे अहमद पटेल

दरअसल, कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन कोविड से जुड़ी समस्याओं की वजह से 25 नवंबर, 2020 को ही हो गया था। लेकिन, सोनिया गांधी ने इसके दो साल बाद तक अपने साथ जुड़े रहने की बात कही है।

आरएसएस की स्थापना की तारीख में चार साल का अंतर

इसी तरह से सोनिया गांधी ने अपनी विचारधारा के कट्टर-विरोधी संगठन आरएसएस की स्थापना की तारीख का जिक्र करने में भी बड़ी गलती की है। इसके चैप्टर 24 के पेज 338 पर उन्होंने इसका जिक्र किया है।

हिंदू राष्ट्र के सपने के साथ 1921 में आरएसएस की स्थापना की गई, जो भारत में समानता, बहुलवाद और धर्मनिरपेक्षता जैसे संवैधानिक आदर्शों की जगह मुसलमानों, क्रिश्चियनों और अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों को ‘दूसरे दर्जे की नागरिकता’ देगा।
सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता

विरोधी-विचारधारा को लेकर भी रिसर्च में बड़ी भूल

यहां भी सोनिया गांधी की रिसर्च में चार साल का फासला रह गया। आरएसएस की स्थापना कांग्रेस नेता के बताए गए वर्ष के चार साल बाद 27 सितंबर, 1925 को नागपुर में विजयदशमी के दिन डॉ.केशव बलिराम हेडगवार ने की थी। आरएसएस ने पिछले साल अपनी स्थापना का 100वां वर्ष मनाया है।

अन्ना आंदोलन की सही तारीख बताने में भी चूकीं सोनिया

कांग्रेस नेता की किताब में तीसरी तथ्यात्मक गलती भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए अप्रत्याशित अन्ना हजारे आंदोलन से जुड़ी है। अपनी किताब के चैप्टर 33 ,पेज 461 पर सोनिया गांधी ने इसकी तारीख बताने में एक साल की गलती की है।

2012 में महाराष्ट्र के एक जाने-माने एक्टिविस्ट बाबूराव अन्ना (मराठी में पिता या बड़े भाई को कहा जाता है) हजारे इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन के नाम पर एक बड़ा चेहरा बनकर उभरे। सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता

यूपीए सरकार के खिलाफ जनभावना का आधार

तथ्य यह है कि ऊंचे पदों पर बैठे लोगों के भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए मजबूत जन लोकपाल की मांग को लेकर अन्ना हजारे ने 2011 में ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर आमरण अनशन किया था। कहीं न कहीं यही आंदोलन मनमोहन सिंह की अगुवाई वाली यूपीए सरकार के खिलाफ जनभावना बनने का आधार बना और 2014 में आखिरकार इसकी विदाई हो गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments