गांधीनगर। गुजरात के गृह एवं परिवहन राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने गांधीनगर में 101 नई एसटी बसों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने एसटी निगम के चालक, परिचालक और कार्यशाला कर्मचारियों से संवाद कर उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि नई बसों को नेताओं के बजाय एसटी निगम के चालक और परिचालकों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हर्ष संघवी ने कहा कि एसटी निगम की सफलता में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। लाखों यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने वाले कर्मचारियों का सम्मान और सहयोग करना सरकार की प्राथमिकता है।
दिवाली के अवसर पर कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत देते हुए मंत्री ने एसटी निगम के सभी कर्मचारियों को आधा वेतन अग्रिम देने की घोषणा भी की। इस घोषणा से कार्यक्रम में मौजूद कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
उन्होंने कहा कि एसटी केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि लाखों गुजरातियों के जीवन का भरोसेमंद साथी है। त्योहारों के दौरान भी चालक, परिचालक और अन्य कर्मचारी अपने परिवारों से दूर रहकर यात्रियों की सेवा में जुटे रहते हैं।

