मुंबई के कांदिवली इलाके की एक हाउसिंग सोसाइटी में जब बुजुर्ग महिला अपने फ्लैट का दरवाजा खोल रही थीं, तब डिलीवरी बॉय के कपड़े पहने एक युवक उनके पास आया और किसी पते के बारे में पूछा। जब महिला पता बताने लगी, तब वह अचानक उन पर झपटा और गले से सोने की चेन छीन ली।
पता पूछने के बहाने महिल की चैन छीन ली
मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां डिलीवरी बॉय के भेष में आए एक व्यक्ति ने बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। यह घटना मुंबई के कांदिवली इलाके की एक हाउसिंग सोसाइटी में हुई। आरोपी ने दूसरी मंजिल पर रहने वाली बुजुर्ग महिला से पता पूछने के बहाने बात की और फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
कब की है घटना?
मुंबई पुलिस ने बताया कि वे आरोपी का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। यह घटना मंगलवार 3 नवंबर को कांदिवली पश्चिम के एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में हुई। जब एक बुजुर्ग महिला अपने फ्लैट का दरवाजा खोल रही थी। तब डिलीवरी बॉय के कपड़े पहने एक व्यक्ति ने आकर उससे पता पूछा। महिला ने पता पढ़ा और उसे बताया कि वह गलत मंजिल पर आ गया है।
सोने की चेन छीन ली
जब उसने दोबारा पता दिखाया, तो महिला ने उसे तीसरी मंजिल की ओर जाने को कहा। उसी पल वह अचानक महिला की ओर झपटा और उसके गले से सोने की चेन छीन ली। महिला के मदद के लिए चिल्लाने के बावजूद वह व्यक्ति चेन लेकर भागने में कामयाब रहा। इस घटना से पीड़िता बुरी तरह सदमे में है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय सोसाइटी का सुरक्षा गार्ड अपनी जगह पर मौजूद नहीं था। वह एक अन्य निवासी को पार्किंग की जगह खोजने में मदद करने के लिए कहीं और गया हुआ था।
पुलिस ने दर्ज किया केस
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कांदिवली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309 (4) के तहत मामला दर्ज किया है। कांदिवली इलाके की निवासी अदिति दातार ने कहा कि दिन-दहाड़े इस तरह की घटनाएं होना वाकई चिंता का विषय है। ऐसे में सिर्फ सीसीटीवी कैमरे होना ही काफी नहीं है। बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सुरक्षा उपायों की जरूरत है।

