बदायूं में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। इस दौरान एक बच्चे की पेट में ही मौत हो गई। वहीं, बाकी तीन नवजात ठीक हैं।
बदायूं: कभी-कभी जिंदगी ऐसी कहानी लिखती है, जिसमें खुशी और गम एक ही पल में सामने आ खड़े होते हैं। बदायूं में एक महिला ने डिलीवरी के दौरान एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। तीन नवजातों की किलकारी से परिवार में खुशियों का माहौल छा गया, लेकिन एक बच्चे की पेट में ही मौत होने की खबर ने इस खुशी के बीच गम भी भर दिया। मां की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
अल्ट्रासाउंड कराने पहुंची थी महिला
बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित सुधीर नर्सिंग होम में मंगलवार शाम एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। मूसाझाग थाना क्षेत्र के करौलिया गांव निवासी एकता अपना अल्ट्रासाउंड कराने नर्सिंग होम पहुंची थीं। महिला की हालत देखकर डॉक्टर ने तत्काल भर्ती करने और डिलीवरी कराने की सलाह दी। परिजनों ने बिना देर किए महिला को नर्सिंग होम में भर्ती कराया। डॉक्टर लतिका ने ऑपरेशन से पहले ही परिजनों को बता दिया था कि गर्भ में पल रहे चार बच्चों में से एक की मौत हो चुकी है।
ऑपरेशन के बाद तीन बच्चों की किलकारी
महिला के अस्पताल में भर्ती होने के बाद उसका डॉक्टर की देखरेख में ऑपरेशन किया गया। इसके बाद महिला ने चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें एक मृत बेटा, एक जीवित बेटा और दो जीवित बेटियां शामिल हैं। तीनों जीवित नवजातों को बेहतर उपचार और निगरानी के लिए डॉक्टर आनंद हरि नर्सिंग होम के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं, महिला की हालत ठीक बताई जा रही है।
खुशी और गम के बीच परिवार
एक साथ तीन बच्चों के जीवित जन्म से परिवार में खुशियों का माहौल है। हालांकि, एक नवजात बेटे की मौत ने परिजनों को भावुक भी कर दिया है। बदायूं में एक साथ चार बच्चों के जन्म का यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल मां और तीनों नवजातों की सेहत को लेकर परिजनों की निगाहें डॉक्टरों पर टिकी हैं।

