Homeटॉप न्यूज़स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति पर मंथन, CMHO...

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति पर मंथन, CMHO डॉ. अनिल शुक्ला ने दिए सख्त निर्देश

मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड सहित सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं की हुई गहन समीक्षा

साल्हेवारा/ खैरागढ़==/खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, 31 अक्टूबर 2026।* जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अनिल कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीष शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी खैरागढ़ डॉ. विवेक बिसेन, छुईखदान डॉ. मनीष बघेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती सोनल ध्रुव सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के चिकित्सा अधिकारी, कार्यक्रम नोडल अधिकारी, प्रबंधकीय अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधिकारी, ग्रामीण चिकित्सा सहायक एवं स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी उपस्थित रहे।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर

समीक्षा बैठक में गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन, प्रथम तिमाही में पंजीयन, संस्थागत प्रसव तथा मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का आकलन किया गया। नियमित टीकाकरण की उपलब्धियों के साथ जननी, HMIS एवं U-WIN पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों और रिपोर्टिंग की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को आंकड़ों की शुद्धता एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

वहीं जिले में दर्ज मातृ एवं शिशु मृत्यु के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए मृत्यु के कारणों का विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने तथा सामुदायिक एवं संस्थागत स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

आयुष्मान से लेकर टीबी-कुष्ठ उन्मूलन तक कार्यक्रमों की समीक्षा

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NPNCD), आयुष्मान भारत कार्ड, वय वंदना कार्ड, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK), प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम (PMNDP), कुष्ठ उन्मूलन (NLEP), राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP), अंधत्व एवं दृष्टि दोष नियंत्रण (NPCBVI), रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP), वेक्टर जनित रोग नियंत्रण (NVBDCP), राष्ट्रीय मौखिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (NOHP) तथा वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम (NVHCP) की प्रगति एवं उपलब्धियों की समीक्षा की गई।

लंबित प्रविष्टियां शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

CMHO डॉ. अनिल कुमार शुक्ला एवं सिविल सर्जन डॉ. आशीष शर्मा ने अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। पोर्टल पर लंबित प्रविष्टियां पूर्ण करने, रिपोर्टिंग की गुणवत्ता सुधारने, पात्र हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया।

आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना लक्ष्य

बैठक का प्रमुख उद्देश्य जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक प्रगति का आकलन करना, कार्यों में आ रही कमियों को चिह्नित करना तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाना रहा। अधिकारियों ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments