मुंबई में अभिनेता और बाला साहेब ठाकरे के पोते ऐश्वर्य ठाकरे साइबर ठगी का शिकार हो गए।उनके बैंक खाते से कई ट्रांजैक्शन के जरिए पैसे निकाल लिए गए। ठगी विदेशी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए की गई।
मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। बाला साहेब ठाकरे परिवार से जुड़ी जानी-मानी हस्ती स्मिता ठाकरे के बेटे और अभिनेता ऐश्वर्य ठाकरे साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए हैं। ऐश्वर्य ठाकरे शिवसेना संस्थापक बाला साहेब ठाकरे के पोते हैं। उनकी मां स्मिता ठाकरे और पिता जयदेव ठाकरे हैं। जयदेव ठाकरे बाला साहेब के बड़े बेटे हैं, मगर वह मातोश्री में नहीं रहते हैं। स्मिता ठाकरे और जयदेव ठाकरे का तलाक हो चुका है। ऐश्वर्य ठाकरे अंधेरी पश्चिम में मां स्मिता ठाकरे (66) और दादी कुंदा चित्रे (90) के साथ रहते हैं। वह अभिनय के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
कैसे की गई ठगी
ज्ञात ठगों ने रातोंरात उनके बैंक खाते से 19,638 रुपये उड़ा लिए। इस मामले में ओशिवारा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 30 अक्टूबर की रात की है। रात करीब 1:30 बजे जब अभिनेता अपने घर पर थे, तो उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हुए। सबसे पहले 307 रुपये कटे और उसके कुछ ही मिनटों बाद रात 1:30 से 1:40 बजे के बीच कई ट्रांजैक्शन के जरिए खाते से कुल 19,638 रुपये साफ हो गए। इसमें एक ट्रांजैक्शन 15,511 रुपये का भी था। ट्रांजैक्शन की जांच में पता चला कि यह पैसा विदेशी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे पापा जॉन्स और जॉलीबी के जरिए ट्रांसफर किया गया था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
खाते से बिना अनुमति के पैसे निकलने का पता चलते ही पीड़ित ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। ओशिवारा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से बैंक ट्रांजैक्शन के आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल सबूतों की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि आरोपियों को जल्द पकड़ा जा सके।

