पुणे। पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री के पास से 10.642 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 3.72 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हवाई अड्डे पर यात्रियों की जांच के दौरान अधिकारियों को बैंकॉक से आए एक यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद उसके सामान की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ।
सीमा शुल्क विभाग ने आरोपी भारतीय नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत कार्रवाई की गई है।
जांच एजेंसियां पता लगा रही हैं कि आरोपी यह नशीला पदार्थ किसे पहुंचाने वाला था और इसके पीछे किसी अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का हाथ है या नहीं। अधिकारियों की ओर से इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद हवाई मार्ग से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

