लकड़ियों और डंडों से 3 से 4 हमलावरों ने किया हमला, पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों की पहचान का दावा किया; अन्य की तलाश जारी
अहमदाबाद। शहर के नरोडा इलाके में युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का मामला सामने आया है। आंबेडकरनगर के पास कर्मवीर हाउसिंग के बाहर सोमवार सुबह फुटपाथ पर युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नरोडा की सुमतिनाथ सोसायटी निवासी जतीन सोलंकी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोग और राहगीर कर्मवीर हाउसिंग के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर फुटपाथ पर पड़े युवक के शव पर पड़ी। उसके शरीर और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। लोगों ने तुरंत नरोडा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर रात या तड़के 3 से 4 लोगों ने जतीन सोलंकी पर लकड़ियों और डंडों से हमला किया था। हमलावरों ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस पुरानी रंजिश या किसी विवाद को हमले की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। तकनीकी जांच के आधार पर दो मुख्य आरोपियों की पहचान किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों और उनके अन्य साथियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है। दिवाली के दौरान हुई इस घटना से नरोडा क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

