गाजियाबाद के 69 वर्षीय पुरुषोत्तम यादव के लापता होने पर परिजनों ने वेव सिटी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सड़क हादसे में घायल होने के बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
गाजियाबाद: गाजियाबाद पुलिस की लापरवाही के चलते एक परिवार अपने लापता पिता का अंतिम संस्कार तो दूर अंतिम दर्शन भी नहीं कर सका। 69 वर्षीय पुरुषोत्तम यादव के लापता होने पर परिजनों ने वेव सिटी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उधर, सड़क हादसे में घायल होने के बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
आरोप है कि विजयनगर पुलिस ने शव की पहचान कराने में गंभीरता नहीं दिखाई और लावारिस मानकर अंतिम संस्कार करा दिया। हैरानी की बात यह है कि बुजुर्ग की तलाश में वेव सिटी पुलिस विजयनगर थाने भी पहुंची थी। अब परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कराई गई है।
बेटे ने एक अक्टूबर को गुमशुदगी दर्ज कराई
वेव सिटी थाना क्षेत्र के लालकुआं निवासी पुरुषोत्तम यादव (69) मानसिक रूप से परेशान रहते थे। वह अचानक घर से लापता हो गए। परिजनों ने अपने स्तर से उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद बेटे वरुण यादव ने एक अक्टूबर को वेव सिटी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने कमिश्नरेट के अन्य थानों के अलावा आसपास के जिलों को भी सूचना भेजकर उनकी तलाश शुरू की।
जानकारी के अनुसार दो अक्टूबर को पुरुषोत्तम यादव विजयनगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल हो गए थे। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उन्हें संजयनगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां छह अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। विजयनगर पुलिस ने सात अक्टूबर को शव का पंचनामा भरकर पहचान कराने की प्रक्रिया की। पहचान नहीं होने पर 10 अक्टूबर को उनका अंतिम संस्कार करा दिया गया।
दोनों थानों के बीच सूचना का मिलान नहीं हुआ
इस पूरे घटनाक्रम में वेव सिटी पुलिस की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस छह अक्टूबर को पुरुषोत्तम यादव की तलाश में विजयनगर थाने पहुंची थी। वहां उनकी गुमशुदगी से संबंधित नोटिस भी चस्पा कराया गया था। इसके बावजूद दोनों थानों के बीच सूचना का मिलान नहीं हुआ। वेव सिटी और विजयनगर थाना क्षेत्र की दूरी करीब आठ किलोमीटर है।
पिता की तलाश में जुटे परिजनों को उनके लावारिस में अंतिम संस्कार की जानकारी मिलने के बाद बेटी शालिनी ने एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय केशव कुमार चौधरी से शिकायत की है। उन्होंने मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव कुमार चौधरी ने एसीपी कविनगर अभय राजेंद्र डागा को जांच सौंपी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी पुरुषोत्तम यादव की पहचान क्यों नहीं हो सकी और विजयनगर थाने में नोटिस चस्पा होने के बावजूद उस पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

