पूर्व आईपीएस अधिकारी रघुवीर सिंह मीणा पर फर्जी जाति प्रमाण पत्र मामले में केस दर्ज हुआ है। उनकी पत्नी ममता मीणा बीजेपी से विधायक रही हैं। रघुवीर मीणा का चयन 1986 में डीएसपी पद पर हुआ था। इससे पहले वह शिक्षक थे।
हाइलाइट्स
पूर्व आईपीएस रघुवीर सिंह मीणा की मुश्किलें बढ़ी
फर्जी एसटी सर्टिफिकेट मामले में दर्ज हुआ केस
ओबीसी सर्टिफिकेट पर वह पहली बार बने थे टीचर
पत्नी ममता मीणा रहीं हैं बीजेपी से विधायक
भोपाल: कास्ट सर्टिफिकेट मामले में पूर्व आईपीएस रघुवीर सिंह मीणा की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर उनके खिलाफ केस दर्ज हो गया है। उनकी पत्नी ममता मीणा बीजेपी से विधायक रही हैं। उन्होंने अलग-अलग समय में अलग-अलग जाति सर्टिफिकेट का इस्तेमाल किया है।
फर्जी जाति प्रमाण पत्र इस्तेमाल करने का आरोप
दरअसल, पूर्व विधायक ममता मीणा के पति पूर्व आईपीएस रघुवीर सिंह मीणा पर फर्जी जाति प्रमाण पत्र इस्तेमाल करने का आरोप है। जांच के बाद पुलिस मुख्यालय की सतर्कता शाखा ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। केस धोखाधड़ी, साजिश, गलत दस्तावेज और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है।
फर्जी एसटी सर्टिफिकेट से डीएसपी की नौकरी पाई
पूर्व आईपीएस रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि फर्जी एससी-एसटी सर्टिफिकेट से एमपीपीएससी से डीएसपी पद पर चयन हासिल किया। इसके बाद दूसरे सेवाओं का लाभ भी इसी आधार पर लिया है।
ओबीसी सर्टिफिकेट से बने थे शिक्षक
शिकायत मिलने के बाद पुलिस मुख्यालय ने जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि पुलिस सेवा में आने से पहले वह शासकीय शिक्षक थे। शासकीय शिक्षक बनने के लिए उन्होंने ओबीसी वर्ग का सर्टिफिकेट दिया था। इसके बाद एमपीपीएसी की परीक्षा में खुद को एसटी वर्ग का बताया।
गुना निवासी ने की थी शिकायत
इसे लेकर गुना निवासी हरवीर सिंह रघुवंशी ने शिकायत की थी। उनकी शिकायत के आधार पर ही छानबीन समिति ने पूरे मामले की जांच की। जांच में यह भी बात सामने आई है कि उनका फर्जी एसटी सर्टिफिकेट विदिशा से जारी हुआ था।
मूल निवासी होने पर भी सवाल
वहीं, उनके मूल निवासी होने पर भी सवाल उठने लगे हैं। साथ ही जिस कर्मचारी ने इसे जारी किया, उस पर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
पत्नी रही हैं बीजेपी विधायक
पूर्व आईपीएस रघुवीर सिंह मीणा की पत्नी ममता मीणा बीजेपी से विधायक रही हैं। वह 2013-2018 तक चाचौड़ा से विधायक रही हैं। अभी गुना से जिला पंचायत की सदस्य हैं। 2023 में उन्हें टिकट नहीं मिला था। वहीं, रघुवीर सिंह मीणा का चयन 1986 में डीएसपी के रूप में हुआ था। 2001 में उन्हें आईपीएस अवॉर्ड हुआ था।

