राजनांदगांव। गणेश विसर्जन झांकी को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 18 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागृह में जिले की 33 गणेश विसर्जन झांकी समितियों के पदाधिकारियों एवं डीजे-धुमाल संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में झांकी के निर्धारित रूट, डीजे की ध्वनि सीमा, यातायात व्यवस्था, वाहन संचालन और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक कलेक्टर जितेन्द्र यादव एवं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में आयोजित हुई। इसमें अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सीएल मारकंडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने झांकी समितियों और डीजे संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गणेश विसर्जन झांकी के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना सभी समितियों की जिम्मेदारी है। पुलिस अधिकारियों ने सभी झांकी समितियों को निर्देशित किया कि झांकी केवल निर्धारित रूट से ही निकाली जाए। अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली झांकियों के बीच आपसी समन्वय बनाए रखने और निर्धारित समय का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि झांकी के दौरान अनावश्यक भीड़, यातायात जाम और अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए समितियां पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें।
बैठक में डीजे एवं ध्वनि व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए झांकी में 04 बेस और 04 टॉप, यानी कुल 08 साउंड सिस्टम से अधिक का उपयोग नहीं करने के लिए कहा गया। साथ ही ध्वनि की तीव्रता निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने डीजे संचालकों को आपत्तिजनक, अश्लील अथवा विवादित गाने नहीं बजाने की भी हिदायत दी। झांकी के दौरान किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि नहीं करने को कहा गया जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो या किसी वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचे। बैठक में झांकी में उपयोग होने वाले वाहनों और जनरेटर की व्यवस्था को लेकर भी समितियों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि झांकी शुरू होने से पहले वाहनों एवं जनरेटर में पर्याप्त ईंधन की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। बीच रास्ते में ईंधन समाप्त होने से वाहन रुकने और यातायात बाधित होने की स्थिति पैदा हो सकती है। इसके अलावा झांकी में लगे वाहनों के चालक वाहन को छोड़कर अनावश्यक रूप से इधर-उधर न जाएं तथा वाहन की चाबी अपने पास रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वाहन को तत्काल हटाया जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
पुलिस ने सभी गणेश उत्सव समितियों एवं डीजे संचालकों से प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सभी समितियां आपसी समन्वय, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ झांकी निकालें, ताकि गणेश विसर्जन का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, क्राइम डीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी, डीएसपी केपी मरकाम, डीएसपी यातायात केके बाजपेयी, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र शाह, बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, लालबाग थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, सोमनी थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, यातायात प्रभारी नवरत्न कश्यप, चौकी चिखली प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश मरई, निरीक्षक रामेश्वर देशमुख, रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर, जिला विशेष शाखा प्रभारी विजय नेताम सहित गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

