हेमंत वर्मा संवाददाता राजनांदगांव राजनांदगांव। आरसीए (RCA) राजनांदगांव क्रिकेट अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिमांशु शुक्ला ने चल रहे टेस्ट मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। उन्होंने बल्लेबाज़ी में 203 रन की नाबाद (203)* पारी खेली, जिसमें 27 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनकी इस दमदार पारी की बदौलत टीम ने अपनी पहली पारी घोषित कर विपक्षी टीम पर मजबूत दबाव बना दिया।
बल्लेबाज़ी के बाद हिमांशु ने गेंदबाज़ी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। इसके बाद टीम की ज़रूरत के अनुसार विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली और एक शानदार स्टंपिंग कर विपक्षी टीम को एक और बड़ा झटका दिया। दिन का खेल समाप्त होने तक विपक्षी टीम 7 विकेट के नुकसान पर 104 रन ही बना सकी।
अपनी ऐतिहासिक पारी के बाद हिमांशु शुक्ला ने इस सफलता का श्रेय अपने साथियों और कोच को दिया। उन्होंने विशेष रूप से साल्हेवारा के युवा क्रिकेट खिलाड़ी तन्मय निषाद का उल्लेख करते हुए कहा कि तन्मय हमेशा उनके साथ घंटों तक धुआंधार अभ्यास करते रहे। उनके जुनून, मेहनत और लगातार सहयोग ने उन्हें क्रिकेट में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और बेहतर खिलाड़ी बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिमांशु ने अपने कोच संदीप शुक्ले के मार्गदर्शन, कठोर मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रशिक्षण की भी खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि कोच के सही मार्गदर्शन और अनुशासित प्रशिक्षण के कारण ही वे अपने खेल में लगातार सुधार कर पाए और आज यह उपलब्धि हासिल कर सके।
203 रन, 2 विकेट और 1 शानदार स्टंपिंग* के साथ हिमांशु शुक्ला का यह यादगार ऑलराउंड प्रदर्शन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गया है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा के साथ-साथ मेहनत, अनुशासन, अच्छे कोच का मार्गदर्शन और सच्चे साथियों का सहयोग मिल जाए तो बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।

