Homeभारतछतीसगढ़सुगंधित मोगरा फूलों से सजी रानी सती दादी की झांकी बनी आकर्षण...

सुगंधित मोगरा फूलों से सजी रानी सती दादी की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

भक्ति की मस्ती में झूमे श्रद्धालु
रामदेव बाबा रामसापीर का जम्मा आज 10 जून बुधवार को

हेमंत वर्मा संवाददाता राजनांदगांव : राजनांदगांव। श्री सत्यनारायण मंदिर समिति द्वारा पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित 16 दिवसीय श्री नारायण महामहोत्सव के नवम दिवस नारायण भक्ति के साथ नारायणी शक्ति की आराधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। झुंझुनू वाली रानी सती दादी का दिव्य दरबार एवं मोगरे के सुगंधित फूलों से सजी भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

नारायण और नारायणी भक्ति का अद्भुत संगम

समिति के कोषाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल एवं सचिव सौरभ खंडेलवाल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में प्रभु भक्ति, अर्पण, समर्पण एवं सेवा भाव से आयोजित इस महामहोत्सव में प्रतिदिन भक्तिभाव का वातावरण निर्मित हो रहा है। श्री सत्यनारायण मंदिर परिसर में नारायण की भक्ति के साथ-साथ नारायणी शक्ति की आराधना से आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है।

मंगल पाठ की सामूहिक प्रस्तुति ने बांधा समां

रानी सती दादी के मंगल पाठ का सुमधुर गायन अनीता लोहिया, अरुणा मिश्रा, प्रेमलता अग्रवाल एवं संतोष अग्रवाल ने सामूहिक रूप से किया। उनकी भक्तिमय प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्ति का ऐसा अनुपम वातावरण बना कि मानो स्वयं देवियां अपने मुखारविंद से माता का गुणगान कर रही हों। श्रद्धालु भक्ति की मस्ती में झूमते हुए दादी के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान करते रहे।

विशिष्ट अतिथियों ने की महाआरती में सहभागिता

इस अवसर पर पूर्व उपाध्यक्ष 20 सूत्रीय क्रियान्वयन समिति छत्तीसगढ़ शासन खूबचंद पारख, नगर पालिका निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, खंडेलवाल वैश्य समाज के अध्यक्ष राजेश खंडेलवाल, सचिव दिनेश खंडेलवाल, मार्गदर्शक श्याम खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष संजय खंडेलवाल, उदयाचल महिला मंडल अध्यक्ष साधना खंडेलवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का रंग-वस्त्र एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया तथा सभी ने महाआरती में सहभागिता निभाई।

आज रामदेव बाबा रामसापीर का जम्मा

मंदिर समिति के कार्यकारिणी सदस्य जुगल किशोर अग्रवाल एवं अशोक सिंघल ने बताया कि अध्यक्ष हरीश अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में 16 दिवसीय भक्ति धारा निरंतर प्रवाहित हो रही है। महोत्सव के दसवें दिवस 10 जून बुधवार को अजमल घर अवतारी रामदेवरा के लोकदेवता बाबा रामदेव रामसा पीर की महिमा का गुणगान किया जाएगा। बाल व्यास हार्दिक व्यास अपनी ओजस्वी एवं मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को रामदेव बाबा की दिव्य कथा का रसपान जम्मा के माध्यम से कराएंगे।

परिवार सहित शामिल होने की अपील

समिति के सह सचिव रामावतार जोशी ने समस्त श्रद्धालुओं, माता-बहनों एवं नगरवासियों से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर नारायण भक्ति का आनंद प्राप्त करने का आग्रह किया है। उपरोक्त जानकारी श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के सचिव सौरभ खंडेलवाल एवं उत्सव प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments