भीनमाल (मुकेश सोलंकी)। स्थानीय उपखंड प्रशासन ने मुस्तैदी और उत्कृष्ट समन्वय का परिचय देते हुए भीनमाल क्षेत्र में जनगणना के महाअभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। दिनांक 16 मई से शुरू हुआ यह व्यापक अभियान 9 जून को सफलतापूर्वक संपन्न घोषित किया गया। इस पूरे कार्य को सुचारु रूप से चलाने के लिए क्षेत्र के 47 राजस्व गांवों को 205 विशेष जनगणना ब्लॉकों में विभाजित किया गया था।
प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाली कमान, 203 प्रगणकों ने निभाई मुख्य भूमिका
इस वृहद राष्ट्रीय कार्य को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासन द्वारा 203 प्रगणक (एनुमरेटर्स) तैनात किए गए थे। इनके मैदानी कार्य के सटीक सुपरविजन और तकनीकी मार्गदर्शन के लिए 34 अनुभवी सुपरवाइजरों की नियुक्ति की गई थी। जनगणना कार्य की नियमित समीक्षा, प्रभावी मॉनिटरिंग और प्रशासनिक तालमेल सुनिश्चित करने में उपखंड अधिकारी मोहित कासनिया (आईएएस), तहसीलदार भीखदान चारण एवं नायब तहसीलदार मीठाराम जोशी की तिकड़ी ने मुख्य भूमिका निभाई। इन अधिकारियों के नेतृत्व में प्रत्येक स्तर पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का तुरंत निराकरण किया गया।
टीम भावना और जनसंवाद बना सफलता का आधार
क्षेत्र में प्रशासनिक समन्वय और फील्ड स्टाफ की निरंतर निगरानी के कार्य में मुकेश कुमार चौधरी एवं जगदीश कुमार विश्नोई का विशेष और सराहनीय योगदान रहा । बैक-ऑफिस और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा आवश्यक कागजी व डिजिटल कार्यों को सुचारु संचालन देने में कृष्ण कुमार चौधरी ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। इसके साथ ही, जनगणना जैसे संवेदनशील कार्य में स्थानीय जनता की भागीदारी और सहयोग सुनिश्चित करने के लिए जनप्रतिनिधियों से सतत संवाद बेहद जरूरी था। इस मोर्चे पर राणा राम चौधरी ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए प्रगणकों और ग्रामीणों के बीच बेहतरीन समन्वय स्थापित करवाया।
अधिकारियों ने सराहा कर्मियों का समर्पण
उपखंड प्रशासन के अनुसार, भीषण गर्मी के बावजूद सभी अधिकारियों, सुपरवाइजरों, प्रगणकों एवं सहयोगी कर्मचारियों ने अद्वितीय टीम भावना, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। समय सीमा के भीतर इस कार्य का शत-प्रतिशत निष्पादन भीनमाल उपखंड की प्रशासनिक दक्षता और उत्कृष्ट नियोजन का एक बड़ा उदाहरण बनकर उभरा है। सभी सहयोगी कर्मियों की इस प्रतिबद्धता की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

