Homeभारतराजस्थानमाली समाज जिला जालोर प्रतिभा सम्मान समारोह 2026: आवेदन पत्र जारी, 31...

माली समाज जिला जालोर प्रतिभा सम्मान समारोह 2026: आवेदन पत्र जारी, 31 अगस्त तक जमा होंगे फॉर्म

संत श्री लिखमीदास सेवा संस्थान (भीरू ग्रुप) की बैठक में लिया गया निर्णय, भीनमाल के क्षेमंकरी माताजी तलहटी स्थित समाज भवन में सजेगा होनहारों का मंच

भीनमाल (मुकेश सोलंकी)। क्षेत्र के समाज सेवी संगठन संत श्री लिखमीदास सेवा संस्थान (भीरू ग्रुप) द्वारा आयोजित होने वाले ‘माली समाज जिला जालोर प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ के लिए आधिकारिक रूप से आवेदन पत्र जारी कर दिए गए हैं। यह महत्वपूर्ण निर्णय रविवार को संस्थान के स्थानीय कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यकारिणी बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष लालाराम परमार ने की। इस बार समारोह का आयोजन भीनमाल स्थित क्षेमंकरी माताजी तलहटी में बने माली समाज भवन में किया जाएगा।

इन श्रेणियों के होनहार छात्र-छात्राएं होंगे सम्मानित

संस्थान की ओर से जारी दिशानिर्देशों के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निम्नलिखित पात्र छात्र-छात्राओं और नवचयनितों को इस भव्य मंच पर सम्मानित किया जाएगा । कक्षा 5वीं और 8वीं: बोर्ड परीक्षा या वार्षिक परीक्षा में ‘ए’ ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थी। कक्षा 10वीं और 12वींः मुख्य परीक्षाओं में न्यूनतम 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले छात्र। उच्च शिक्षा (UG/PG) स्नातक, स्नातकोत्तर या किसी भी डिग्री/डिप्लोमा पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष में 65 प्रतिशत या अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थी। प्रतियोगी व प्रोफेशनल परीक्षाएं CAT, CLAT, JEE Main/Advanced, AIIMS, NEET, CA, CS, ICWA और अन्य प्रतिष्ठित प्रोफेशनल कोर्सेज को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले प्रतिभागी।

आवेदन के लिए यह शर्तें रहेंगी अनिवार्य

संस्थान ने स्पष्ट किया है कि केवल वही अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे, जिनका परीक्षा परिणाम 1 जनवरी 2026 के बाद घोषित हुआ है। आवेदकों को अपने आवेदन पत्र के साथ संबंधित परीक्षा की अंकतालिका (Mark sheet) और आधार कार्ड की स्व-प्रमाणित (Certified) छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 तय की गई है। इस समय-सीमा के बाद मिलने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। संस्थान ने सभी आवेदकों से साफ-सुथरे और स्पष्ट अक्षरों में फॉर्म भरने की अपील की है।

नवनियुक्त अधिकारियों-कर्मचारियों का भी बढ़ेगा मान

इस वर्ष का समारोह न केवल छात्रों बल्कि समाज के उन युवाओं के लिए भी खास होगा जिन्होंने हाल ही में सरकारी या प्रशासनिक सेवाओं में कदम रखा है। समारोह के दौरान जालोर जिले के माली समाज के नवनियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को भी विशेष रूप से सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया जाएगा।

बैठक में बनी सफल आयोजन की कार्ययोजना

रविवार को हुई इस बैठक में आगामी समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पदाधिकारियों ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की। कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस बैठक में संरक्षक भंवरलाल सोलंकी, संरक्षक छगाराम सांखला, सचिव पारसमल सांखला, उपाध्यक्ष रमेशकुमार सुन्देशा, बाबूलाल परमार, सुरेश कुमार सोलंकी, कस्तुराराम सुन्देशा, सुमेरमल परिहार तथा ओमप्रकाश सुन्देशा सहित समाज के कई गणमान्य नागरिकों और कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments