नई दिल्ली। अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पंचदस नाम जूना अखाड़ा के जगतगुरु सनातन सम्राट स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक मूल्यों की विजय बताया है।
सनातन सम्राट जगतगुरु स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने कहा कि यह क्षण अत्यंत गौरवपूर्ण है, क्योंकि पश्चिम बंगाल की यह भूमि हमारे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की कर्मभूमि रही है, जिन्होंने राष्ट्र और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। यह वही पवित्र धरती है जहाँ स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान विभूतियों ने राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से गलत नीतियाँ चल रही थीं, जिनके कारण समाज में असंतुलन और तुष्टिकरण की प्रवृत्ति बढ़ी। अब जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से परिवर्तन का मार्ग चुना है, जो प्रदेश को समान विकास, न्याय और राष्ट्रहित की दिशा में आगे ले जाएगा।
सनातन सम्राट जगतगुरु स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, गृह मंत्री श्री अमित शाह जी तथा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी को इस विजय के लिए बधाई दी और कहा कि कठिन परिस्थितियों में प्राप्त यह सफलता जनविश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अखिल भारत हिंदू महासभा ने पश्चिम बंगाल में अपने प्रत्याशी नहीं उतारे, ताकि राष्ट्रवादी मतों का विभाजन न हो और एक सशक्त सरकार का गठन हो सके।
सनातन सम्राट जगतगुरु स्वामी चक्रपाणि जी महाराज ने कहा कि अब पश्चिम बंगाल में सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और राष्ट्रवादी विचारधारा का पुनर्जागरण होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश में मठ-मंदिरों, संत समाज और सभी नागरिकों की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित होगा तथा सभी समुदायों के साथ न्यायपूर्ण विकास की दिशा में कार्य होगा।
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में लोग अपने त्योहार, पर्व और सांस्कृतिक उत्सव निर्भय होकर मना सकेंगे तथा महान महापुरुषों के आदर्शों का पुनः सम्मान और प्रसार होगा।
अंत में उन्होंने माँ काली के आशीर्वाद का स्मरण करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल पुनः आध्यात्मिक और राष्ट्रीय चेतना का केंद्र बनेगा, जिससे पूरे राष्ट्र को शक्ति और प्रेरणा मिलेगी।
उक्त जानकारी ब्रह्म ऋषि बीके शर्मा हनुमान जी, राष्ट्रीय प्रवक्ता, हिंदू महासभा की ओर से दी गई।
जारीकर्ता :अखिल भारत हिंदू महासभा, राष्ट्रीय कार्यालय

