Homeभारतमध्यप्रदेशगौ माता के सम्मान में उमड़ा आस्था का सैलाब; इंदौर की सड़कों...

गौ माता के सम्मान में उमड़ा आस्था का सैलाब; इंदौर की सड़कों पर गूंजा— ‘अहिंसा परमो धर्म:’

इंदौर | विशेष संवाददाता रिपोर्ट: जीवनलाल जैन (नागदा) : इंदौर। धर्म और संस्कृति की नगरी इंदौर में रविवार, 27 अप्रैल को एक नया इतिहास रचा गया। गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने और गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत जन-सैलाब सड़कों पर उतर आया। साधु-संतों के सानिध्य में निकाली गई यह विशाल रैली भक्ति, शक्ति और संकल्प का अनूठा संगम रही, जिसमें हजारों की संख्या में गौ-भक्तों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

संतों का सानिध्य और गूंजते नारे

रैली का नेतृत्व प्रख्यात संत शिरोमणियों ने किया। संत दादूजी महाराज, अच्युतानंद महाराज, राजेश मुनि जी और रामगोपाल जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने भक्तों में जोश भर दिया। पूरी रैली के दौरान “गौ माता की रक्षा हो, गौ हत्या बंद हो” के नारों से आकाश गुंजायमान रहा। संतों ने स्पष्ट संदेश दिया कि गौ रक्षा केवल एक धर्म का कार्य नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा को बचाने का संकल्प है।

अहिंसा परमो धर्म: जैन समाज की सक्रिय भागीदारी

इस ऐतिहासिक यात्रा में जैन समाज की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। जीव दया और अहिंसा के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के सैकड़ों लोग रैली में शामिल हुए। जैन समाज के संस्थापक अध्यक्ष वीरेंद्र जी एवं रेखा जी ने प्रमुखता से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। रैली के मुख्य होर्डिंग्स पर अंकित “अहिंसा परमो धर्म:” का संदेश पूरी यात्रा का केंद्र बिंदु बना रहा, जो जीव मात्र के प्रति करुणा का आह्वान कर रहा था।

नारी शक्ति का दिखा रौद्र रूप

इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता नारी शक्ति का प्रदर्शन रहा। बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने हाथों में तख्तियां लेकर गौ माता के सम्मान में हुंकार भरी। समाज के हर वर्ग—चाहे युवा हो या बुजुर्ग—सभी ने इस ‘अनूठी यात्रा’ में कंधे से कंधा मिलाकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।

कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रैली के समापन पर गौ-भक्तों और संतों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से दो मांगें रखी गईं:

1 गौ माता को अविलंब ‘राष्ट्रीय माता’ का दर्जा प्रदान किया जाए।
2 देश भर में गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध हेतु कठोर कानून बनाया जाए।

“गौ माता राष्ट्र की समृद्धि का आधार हैं। जब तक उन्हें उचित सम्मान और सुरक्षा नहीं मिलती, यह आंदोलन थमने वाला नहीं है। इंदौर की जनता ने आज बता दिया है कि गौ रक्षा के लिए पूरा समाज एकजुट है।” > — आयोजन समिति

यह रैली इंदौर के इतिहास में गौ-सेवा और जीव दया के संकल्प के रूप में हमेशा याद रखी जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments