श्री माजीसा धाम में आयोजित आत्मनिर्भर मंडल कार्यसमिति की बैठक में साफा व माला पहनाकर किया स्वागत; वक्ताओं ने कहा-“क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को मिलेगी नई गति”
भीनमाल (मुकेश सोलंकी) । राजस्थान सरकार द्वारा जन अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति के सदस्य पद पर रमेश सोनी पुनासा को मनोनीत किए जाने के बाद क्षेत्र में हर्ष की लहर है। अपने मनोनयन के पश्चात प्रथम बार पैतृक गांव पुनासा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध नागरिकों एवं ग्रामीणों द्वारा रमेश सोनी का ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। यह अभिनंदन समारोह भारतीय जनता पार्टी भीनमाल विधानसभा के जुंजाणी मंडल की ‘आत्मनिर्भर मंडल कार्यसमिति’ बैठक के दौरान श्री माजीसा धाम परिसर में आयोजित किया गया।
परंपरागत तरीके से पहनाया साफा, गूंजे नारे
बैठक के दौरान जैसे ही रमेश सोनी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, पूरा परिसर भारत माता की जय और संगठन के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा। मंच पर उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मारवाड़ी परंपरा के अनुसार रमेश सोनी पुनासा को सूत की मालाएं, पुष्पहार तथा साफा पहनाकर उनका बहुमान किया । कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया तथा उन्हें इस नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
बैठक में संगठन की मजबूती पर मंथन, दिग्गज रहे मौजूद
यह भव्य स्वागत समारोह जुंजाणी मंडल की विशेष कार्यसमिति बैठक के दौरान हुआ, जिसमें आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर भरतसिंह राव (मंडल प्रभारी), इन्द्रसिंह राणावत (पूर्व जिला मंत्री),सांवलाराम देवासी (मंडल अध्यक्ष),खुमानसिंह, अर्जुन चौधरी, खंगारदास,कांतिलाल दर्जी, सुरेन्द्रसिंह,मोड़ाराम पुरोहित, देवेन्द्र जोशी सहित भीनमाल विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों वरिष्ठ नेता, बूथ अध्यक्ष और सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने जताया भरोसाः “प्रशासन और जनता के बीच मजबूत कड़ी बनेंगे सोनी”
समारोह को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि रमेश सोनी पुनासा को इस महत्वपूर्ण समिति में स्थान मिलना संपूर्ण भीनमाल और जालोर क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। वक्ताओं ने उनके लंबे सांगठनिक अनुभव की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि सोनी आमजन की बुनियादी समस्याओं (बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य) के त्वरित निस्तारण में मील का पत्थर साबित होंगे। वे प्रशासन और पीड़ित जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतरवाएंगे।
सफल कार्यकाल की कामना के साथ आभार व्यक्त
कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित सभी ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने रमेश सोनी को गुलदस्ते भेंट कर उनके उज्ज्वल और सफल कार्यकाल की मंगलकामना की। रमेश सोनी ने भी सभी वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और ग्रामवासियों का आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन और सरकार द्वारा दी गई इस जिम्मेदारी पर पूरी निष्ठा के साथ खरे उतरेंगे और हर वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।

