मुंबई | विशेष संवाददाता : मुंबई के प्रतिष्ठित क्वीन मैरी स्कूल ने एक बार फिर आईसीएसई (10वीं) परीक्षा में 100% परिणाम हासिल कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में चार चांद लगाए हैं मूलतः तखतगढ़ (राजस्थान) निवासी और मुंबई के अतिप्राचीन गोडीजी संघ से जुड़े प्रकाश जी घंटा वाले की पौत्री एवं प्रदीप कुमार की सुपुत्री राशी जैन ने। राशी ने 98.20% अंक प्राप्त कर न केवल स्कूल में दूसरा स्थान हासिल किया, बल्कि पूरे समाज का नाम रोशन किया है।
स्मार्ट वर्क और एकाग्रता बनी सफलता की कुंजी
स्कूल की ‘सेकंड हेड गर्ल’ के रूप में नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने वाली राशी ने साबित कर दिया कि प्रबंधन और पढ़ाई के बीच संतुलन कैसे बनाया जाता है। अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए उन्होंने कहा, “यह मायने नहीं रखता कि आप कितने घंटे पढ़ते हैं, बल्कि यह जरूरी है कि आप कितनी प्रभावशीलता (Effectiveness) से पढ़ते हैं।” वे अपनी एकाग्रता बढ़ाने के लिए ध्यान (Meditation) का सहारा लेती थीं और खुद को तरोताजा रखने के लिए नृत्य और कबड्डी को समय देती थीं।
बधाई देने वालों का लगा तांता
राशी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुंबई के जैन समाज और प्रवासी राजस्थानियों में खुशी की लहर है। इसी कड़ी में श्री अलर्ट ग्रुप गोडीजी और महावीर मानव सेवा ग्रुप द्वारा विशेष सम्मान और शुभकामनाएं दी गईं। श्री गौतम जी और के. विक्रम सुराणा ने उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए कहा कि ऐसी बेटियां शासन और संघ का नाम विश्व पटल पर अंकित करती हैं।
इस अवसर पर कुणाल भाई, धर्मेंद्र भाई, भरत भाई, प्रख्यात संगीतकार राहुल पामेचा, जेनम और अमन सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

