देवास के नागधामन नाले से शिप्रा नदी में भारी धातु और सीवेज मिलने की आईआईटी इंदौर की रिपोर्ट के बाद मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड हरकत में आ गया है। बोर्ड ने शहर के चार नालों, नदी और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से नए नमूने लिए हैं, जिनकी जांच रिपोर्ट दो दिन में आएगी।
हाइलाइट्स
सिंहस्थ 2028 में करीब 30 करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान करने का अनुमान
नहाने योग्य सीमा (3 mg/l) के मुकाबले 665 mg/l तक मिला BOD
नाले में कैडमियम, क्रोमियम और लेड समेत 7 भारी धातुओं की पुष्टि
देवास: उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ 2028 से पहले जीवनदायिनी शिप्रा नदी की शुद्धता को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। देवास के एक नाले के जरिए शिप्रा में भारी धातुओं, सीवेज बैक्टीरिया और बिना ट्रीट किए गए औद्योगिक कचरे के मिलने का खुलासा होने के बाद मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जांच शुरू कर दी है। बोर्ड की टीम ने देवास शहर के चार नालों, शिप्रा नदी और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से पानी के ताजा नमूने एकत्र किए हैं। उज्जैन क्षेत्र के MPPCB क्षेत्रीय अधिकारी अतुल खोतिया ने बताया कि लिए गए नमूनों का विश्लेषण एक या दो दिन के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
30 करोड़ श्रद्धालुओं की आस्था दांव पर
यह कार्रवाई आईआईटी इंदौर के एक हालिया अध्ययन के बाद की गई है, जिसमें देवास के औद्योगिक क्षेत्र से शिप्रा में पहुंच रहे गंभीर प्रदूषण का खुलासा हुआ था। यह मामला इसलिए भी बेहद संवेदनशील है क्योंकि सिंहस्थ 2028 के दौरान उज्जैन में करीब 30 करोड़ श्रद्धालुओं के शिप्रा नदी में पवित्र स्नान करने का अनुमान है।
विभागों में शुरू हुई जिम्मेदारी से बचने की होड़
ताजा सैंपलिंग ऐसे समय में हो रही है जब औद्योगिक अपशिष्ट की निगरानी करने वाले प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और सीवेज ढांचे की देखरेख करने वाले नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। दोनों विभाग प्रदूषण के लिए एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं।
औद्योगिक कचरे के साथ मिल रहा 40 हजार घरों का सीवेज
मामले से जुड़े एक अधिकारी के अनुसार, नदी में मिल रहा प्रदूषण औद्योगिक कचरे और कच्चे घरेलू सीवेज का खतरनाक मिश्रण है:
बिना ट्रीटमेंट बह रहा सीवेज: देवास के अनियोजित औद्योगिक क्षेत्र के चारों ओर अब लगभग 40,000 आवासीय इकाइयां बस गई हैं, जिनका सीवेज भी सीधे नालों में जा रहा है।
क्षमता से बेहद कम काम कर रहा STP: शहर के 22 मिलियन लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में कथित तौर पर केवल लगभग 5 MLD पानी ही साफ किया जा रहा है।
अमृत योजना की लाइनें ठप: अटल मिशन फॉर रिजुवेनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन (AMRUT) के तहत बिछाई गई सीवर लाइनें या तो जुड़ी नहीं हैं या काम नहीं कर रही हैं, जिससे बिना उपचारित कचरे का बोझ लगातार बढ़ रहा है।
हवनखेड़ी के पास शिप्रा में मिलता है नाला
देवास औद्योगिक क्षेत्र से बहने वाला नागधामन नाला हवनखेड़ी गांव के पास शिप्रा नदी में मिलता है। आईआईटी इंदौर की इस रिपोर्ट ने उस पुराने आधिकारिक आश्वासन को भी गलत साबित कर दिया है, जिसमें दावा किया गया था कि नाले में बहने वाला अपशिष्ट तय मानकों के भीतर है। हालांकि, यह अध्ययन नाले के पानी पर किया गया था और यह स्थापित नहीं करता कि ये प्रदूषक उज्जैन के स्नान घाटों तक उसी सांद्रता में पहुंचते हैं या नहीं। लेकिन यह स्पष्ट चेतावनी जरूर देता है कि दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक समागमों में से एक से ठीक पहले नदी के ऊपरी हिस्से में किस स्तर का जहर घुल रहा है।

