Homeक्राइममृत ग्राहकों के खातों में सेंध, बैंक की महिला कर्मचारी ने खाताधारकों...

मृत ग्राहकों के खातों में सेंध, बैंक की महिला कर्मचारी ने खाताधारकों के अकाउंट से निकाले 2.3 करोड़ रुपये

दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल स्थित बैंक शाखा में 2.3 करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला कर्मचारी ने मृत ग्राहकों के निष्क्रिय खातों से रकम निकालकर अपने माता-पिता और परिचितों के खातों में भेजी। बैंक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोपी कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है।

हाइलाइट्स

मृत ग्राहकों के खातों से 2.3 करोड़ से ज्यादा की कथित हेराफेरी
माता-पिता और परिचितों के खातों में ट्रांसफर की रकम
बैंक की शिकायत पर केस दर्ज, महिला कर्मचारी सस्पेंड

नई दिल्ली: दिल्ली में एक सरकारी अस्पताल स्थित सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक की शाखा में वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक की एक महिला कर्मचारी ने मृत ग्राहकों के निष्क्रिय बैंक खातों को बिना परमिशन ऑपरेट कर उनमें जमा 2.3 करोड़ रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। बैंक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी महिला कर्मचारी को निलंबित भी कर दिया गया है।

मृत ग्राहकों के खातों को बनाया निशाना

बैंक के चीफ मैनेजर ने सफदरजंग एन्क्लेव थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, महिला कर्मचारी 23 जून 2023 से 15 अप्रैल 2026 तक सरकारी अस्पताल स्थित बैंक शाखा में तैनात थी। इसके बाद उसका ट्रांसफर दूसरी ब्रांच में कर दिया गया, जहां उसने 16 अप्रैल से 6 जुलाई तक काम किया। 7 जुलाई को उसने क्षेत्रीय कार्यालय में जॉइन किया और 8 जुलाई से उसे निलंबित कर दिया गया।

मामले का खुलासा 6 जुलाई को हुआ, जब एक व्यक्ति खुद को मृत खाताधारक का कानूनी वारिस बताते हुए बैंक पहुंचा और खाते की जानकारी मांगी। हालांकि, वह जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सका, इसलिए बैंक अधिकारियों ने जानकारी देने से इनकार कर दिया। इसके बाद बैंक अधिकारियों ने संबंधित खाते की जांच की तो उसमें संदिग्ध लेनदेन और अनधिकृत गतिविधियां सामने आईं।

माता-पिता और करीबियों के खातों में ट्रांसफर किए पैसे

बैंक की शुरुआती जांच में चला कि महिला कर्मचारी ने मृत ग्राहकों के निष्क्रिय खातों को बिना अनुमति ऑपरेट किया और उन्हें बंद कर उनमें जमा रकम अपने माता-पिता और परिचितों से जुड़े बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी।

शिकायत में कहा गया कि करीब 34.3 लाख रुपये एक खाते में 50 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए भेजे गए। करीब 18.9 लाख रुपये दूसरे खाते में तीन ट्रांजैक्शन से ट्रांसफर किए गए। जबकि दो अन्य खातों में 19.9 लाख और 26.6 लाख रुपये भेजे गए। एक अन्य बैंक के जरिए खाते से 78,579 रुपये ट्रांसफर किए गए। करीब 33.1 लाख रुपये 14 ट्रांजैक्शन के जरिए कई फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य खातों में भेजे गए।

लिखित बयान में लेनदेन की बात स्वीकारने का दावा

बैंक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि महिला कर्मचारी ने जानबूझकर मृत ग्राहकों के खातों को निशाना बनाया और अपने आधिकारिक अधिकारों का दुरुपयोग कर रकम ट्रांसफर की। बैंक का यह भी दावा है कि उसने संदिग्ध लेनदेन को छिपाने की कोशिश की। शिकायत के मुताबिक, महिला कर्मचारी ने लिखित बयान में अनधिकृत लेनदेन करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments