Homeभारतमहाराष्ट्रास्नैपचैट पर छोटी बच्चियां टारगेट, 400 अश्लील वीडियो, मुंबई का बिलाल काजी...

स्नैपचैट पर छोटी बच्चियां टारगेट, 400 अश्लील वीडियो, मुंबई का बिलाल काजी कौन, जिसे UK में हुई 30 साल की जेल

यूके में एक 27 साल के भारतीय छात्र को 30 साल की सजा सुनाई गई है। यह मामला उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड में हुआ है। इस छात्र का नाम बिलाल काजी है, जिसे सीरियल ऑनलाइन ग्रूमर कहा जा रहा है। उसने कई बच्चों को ऑनलाइन शोषण और दबाव देकर यौन कृत्यों में भागीदारी के लिए मजबूर किया।

मुंबई : 27 वर्षीय भारतीय PhD छात्र बिलाल काजी को 30 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। उसने ऑनलाइन एक किशोर लड़के का रूप धरकर 70 से अधिक लड़कियों को धोखा दिया और उनसे अश्लील तस्वीरें हासिल कीं। उसने ‘रीस’ (Reece) नाम के एक सुनहरे बालों वाले लड़के की फर्जी ऑनलाइन प्रोफाइल बनाई थी। वह 10 साल तक की कम उम्र की लड़कियों से चैट करता था और उन्हें यकीन दिलाता था कि वे एक रिलेशनशिप में हैं। इसके बाद बिलाल काजी उनसे अश्लील तस्वीरें मांगता था और अगर वे मना करतीं, तो वह उन्हें धमकी देता था। बिलाल काजी को सीरियल ऑनलाइन ग्रूमर कहा जा रहा है।

जज ने कहा कि बिलाल काजी ने सोशल मीडिया साइट्स पर सुरक्षा की कमी का फायदा उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसी सुरक्षा होनी चाहिए थी ताकि युवाओं को काजी जैसे यौन अपराधियों का शिकार होने से बचाया जा सके।

13 साल की बच्ची ने आत्महत्या का किया प्रयास, तब खुला मामला

अदालत को बताया गया कि 13 साल की एक पीड़िता ने आत्महत्या की कोशिश की, क्योंकि काजी ने उसका एक अश्लील वीडियो फैला दिया था, जिसे उसके लगभग 100 दोस्तों ने देख लिया था। चेस्टर के ऑनरेरी रिकॉर्डर, जज स्टीवन एवरेट ने कहा कि काजी ने उन ‘बच्चों को निशाना बनाया, जो मानते थे कि वे अपने घरों में सुरक्षित हैं।

कौन है बिलाल काजी?

बिलाल काजी मूल रूप से मुंबई का रहने वाला है और उसने UK की चेस्टर यूनिवर्सिटी से केमिस्ट्री में PhD की पढ़ाई की है। बाद में उसने बर्मिंघम यूनिवर्सिटी से केमिकल इंजीनियरिंग में मास्टर्स की पढ़ाई की। लेकिन अपनी पढ़ाई पूरी होने के बाद भी, बिलाल काजी अपने स्टूडेंट वीजा की समय-सीमा खत्म होने के बावजूद वहीं रुक गया।

180 पीड़िताएं

पुलिस को पहली बार 2021 में तब पता चला, जब उसने अपनी एक पीड़िता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर फैला दीं। इसके बाद ऑनलाइन यौन शोषण के मामले में देशव्यापी जांच शुरू की गई, जिसमें 71 पीड़ितों का पता चला। हालांकि, जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि काजी के शिकार लोगों की असल संख्या 180 तक हो सकती है, जो इसे इस तरह का सबसे गंभीर मामला बनाता है।

एक पीड़िता, जो बिलाल काजी के जाल में फंसने के समय 12 साल की थी, उसने बताया कि जब उसे एहसास हुआ कि उसने अनजाने में एक वयस्क पुरुष को अपनी अश्लील तस्वीरें भेज दी हैं, तो वह बहुत परेशान, असुरक्षित और बेहद असहज महसूस करने लगी। उसने कहा कि मैं एंग्जायटी (चिंता) से जूझ रही हूं। मुझे अक्सर यह डर सताता है कि मेरी तस्वीरें किसने देखी हैं, क्या वे अभी भी मौजूद हैं और क्या उन्हें फिर से कहीं शेयर किया जा सकता है।

मोबाइल में मिलीं 400 से ज्यादा अश्लील तस्वीरें और वीडियो

डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती शिकायत के बाद पुलिस ने उसकी पहचान का पता लगाया। जुलाई 2023 में, जब बिलाल काजी कुवैत से वापस लौट रहा था, तो उसे हीथ्रो एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। जमानत पर रिहा होने से पहले, उसका मोबाइल जब्त कर लिया गया और ‘फोरेंसिक डाउनलोड’ के लिए भेज दिया गया। पुलिस को उसके फोन में 400 से ज्यादा अश्लील तस्वीरें और वीडियो मिले, और बर्मिंघम स्थित उसके घर पर मौजूद अन्य डिवाइसों में 500 और ऐसी ही फाइलें मिलीं।

पिछले साल मार्च में हुई थी गिरफ्तारी

मार्च 2025 में काजी को फिर से गिरफ्तार किया गया। जब उसे उसके अपराधों की गंभीरता के बारे में बताया गया, तो उसने सवालों के जवाब में सिर्फ “नो कमेंट” कहा। जांचकर्ताओं के अनुसार, उसने जरा भी पछतावा नहीं दिखाया। उसे फिर से जमानत मिल गई, लेकिन पुलिस को पता चला कि उसने चुपके से एक नया मोबाइल फोन खरीद लिया है और फिर से लड़कियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। अगस्त 2025 में उसे तीसरी बार गिरफ्तार किया गया और हिरासत में भेज दिया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments