Homeक्राइमस्टेशन के आउटर पर खड़ी थी ट्रेन, चोरों के गैंग ने डीजल...

स्टेशन के आउटर पर खड़ी थी ट्रेन, चोरों के गैंग ने डीजल चुरा लिया, 21 कैन भरकर पिकअप से जा रहे थे, अब पकड़े गए

यूपी के सहारनपुर में खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करने वाले छह लोगों को पुलिस ने पकड़ा है. आरोपियों के पास से 960 लीटर डीजल, कैन और घटना में इस्तेमाल की गई पिकअप बरामद हुई है. पुलिस का कहना है कि यह गैंग नागल के अलावा पिलखनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन से भी डीजल चोरी कर चुका था.

ट्रेन कई दिनों तक रेलवे स्टेशन के आउटर पर खड़ी रहे तो उसके जनरेटर में भरा डीजल भी चोरों के निशाने पर आ सकता है. सहारनपुर में ऐसा मामला सामने आया है. यहां एक गिरोह खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करता था. फिर उसे बड़ी-बड़ी कैनों में भरकर पिकअप के जरिए ले जाता था.

नागल थाना पुलिस ने इस गिरोह के छह लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से 960 लीटर डीजल बरामद किया है. इसके अलावा डीजल रखने वाली कैन और चोरी में इस्तेमाल की गई पिकअप भी जब्त की गई है. पूछताछ में आरोपियों ने सरसावा क्षेत्र के पिलखनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन से भी डीजल चोरी करने की बात कबूल की है.

पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर को नागल थाना पुलिस रेलवे रोड पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान संदिग्ध वाहनों की चेकिंग भी की जा रही थी. रेलवे पुल के पास हाईवे की तरफ जा रही एक पिकअप को पुलिस ने रोक लिया.

वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी संख्या में कैन रखी मिलीं. इन कैनों में डीजल भरा हुआ था. पुलिस ने पिकअप सवार लोगों से डीजल से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई कागज नहीं दिखा सके. इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.

जांच में पता चला कि ये लोग रेलवे की खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करते थे. पुलिस ने पिकअप से 40 लीटर की 21 कैन में 840 लीटर और 60 लीटर की दो कैन में 120 लीटर डीजल बरामद किया. इस तरह कुल 960 लीटर डीजल मिला. इसके अलावा तीन खाली कैन भी बरामद हुई हैं.

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उन ट्रेनों को निशाना बनाते थे, जो रेलवे स्टेशन के आउटर पर कई दिनों तक खड़ी रहती थीं. ऐसी ट्रेनों के जनरेटर में काफी मात्रा में डीजल रहता है. आरोपी मौका देखकर जनरेटर से डीजल निकालते और उसे कैनों में भर लेते थे.

इसके बाद चोरी का डीजल पिकअप में लादकर वहां से ले जाते थे. पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी का तेल अब्दुल्ला नाम के व्यक्ति के जरिए बेचते थे और इससे मुनाफा कमाते थे. पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले सरसावा थाना क्षेत्र के पिलखनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के जनरेटर से करीब 180 लीटर डीजल चोरी किया था. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चोरी का डीजल कहां बेचा जाता था और इसे खरीदने वाले लोग कौन हैं.

सहारनपुर के चार और बिहार के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जिन छह लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें चार सहारनपुर के रहने वाले हैं, जबकि दो बिहार के हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला, जुल्फान, फरमान और दिलनवाज के रूप में हुई है. ये चारों सहारनपुर के रहने वाले हैं. वहीं जोगिंद्र साहनी बिहार के मधुबनी और अवधेश साहनी मोतिहारी का रहने वाला है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिकअप को भी कब्जे में ले लिया है. अधिकारियों के मुताबिक, गिरोह के सभी छह सदस्यों की इस काम में भूमिका थी.

कहां बेचते थे चोरी का डीजल, इसकी जांच कर रही पुलिस

सहारनपुर के एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि चेकिंग के दौरान नागल पुलिस ने एक पिकअप पकड़ी थी. इसमें डीजल से भरी कैन मिली थीं. पूछताछ में छह लोगों के गिरोह का पता चला, जो आउटर पर खड़ी ट्रेनों के जनरेटर से डीजल चोरी करता था. एसपी देहात के मुताबिक, आरोपियों ने नागल और सरसावा क्षेत्र में डीजल चोरी की बात बताई है. फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि डीजल कहां पहुंचाया जाता था. एसपी ने कहा कि आरोपियों के बिहार के रहने वाले होने के चलते वहां भी उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस तरह के दूसरे गिरोह सहारनपुर या आसपास के जिलों में तो सक्रिय नहीं हैं.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments