Homeक्राइम21 साल की गर्लफ्रेंड, पिज्जा पार्टी और मटन काटने वाला चाकू... आगरा...

21 साल की गर्लफ्रेंड, पिज्जा पार्टी और मटन काटने वाला चाकू… आगरा में टीचर के कत्ल की खौफनाक कहानी

आगरा में 58 वर्षीय कोचिंग संचालक ओम प्रकाश यादव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. आरोपी निखिल को शक था कि टीचर उसकी गर्लफ्रेंड को ब्लैकमेल कर रहे हैं. उसने गर्लफ्रेंड को टीचर के साथ पिज्जा खाते देख लिया था. इसी शक में उसने मटन काटने वाले चाकू से ओम प्रकाश की हत्या कर दी.

आगरा में 58 साल के कोचिंग संचालक ओम प्रकाश यादव की हत्या की वजह गर्लफ्रेंड को लेकर पैदा हुआ शक बना. आरोपी निखिल ने अपनी गर्लफ्रेंड को टीचर के साथ पिज्जा खाते देख लिया था. उसे लगा कि टीचर उसकी गर्लफ्रेंड को ब्लैकमेल कर रहे हैं. इसी शक में वह टीचर से भिड़ने पहुंचा और विवाद के बाद मटन काटने वाले चाकू से उनकी बेरहमी से हत्या कर दी. लेकिन हत्या के बाद आरोपी ने जो किया, उसने पुलिस को भी चौंका दिया. आरोपी ने कोचिंग के बोर्ड पर लिख दिया- ‘ओपी यादव रेपिस्ट’. आरोपी ने ऐसा इसलिए किया, ताकि पूरे हत्याकांड को दूसरी दिशा में मोड़ दिया जाए. हालांकि पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया.

दरअसल, ये पूरी वारदात आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के सेक्टर-3 स्थित बीएस प्लाजा की है. यहां 58 साल के ओमप्रकाश यादव अपनी कोचिंग चलाते थे. मूलरूप से कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र के कठिका गांव के रहने वाले ओमप्रकाश करीब 30 साल से आगरा में रह रहे थे. वह सेक्टर-7 के शिवालिक कैंब्रिज स्कूल में शिक्षक थे और साथ ही कोचिंग भी चलाते थे. 2 नवंबर को ओमप्रकाश रोज की तरह कोचिंग पढ़ाने पहुंचे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे. किसी को अंदाजा नहीं था कि कोचिंग के अंदर उनके साथ ऐसी वारदात हो चुकी है, जिसकी जानकारी चार दिन बाद मिलेगी.

4 दिन से कोचिंग में ही पड़ा था शव

6 नवंबर को कोचिंग सेंटर से तेज दुर्गंध आने लगी. आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने बीएस प्लाजा स्थित कोचिंग का दरवाजा खोला तो अंदर ओमप्रकाश का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था. शरीर पर गहरे जख्म थे और गला कटा हुआ था. आसपास खून फैला था, जो सूख चुका था. मौके पर पुलिस को एक और चौंकाने वाला सुराग मिला. कोचिंग के बोर्ड पर मार्कर से लिखा था- ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोट के 9 निशान मिले, जिनमें 7 धारदार हथियार से किए गए थे.

पुलिस ने हत्या की जांच शुरू की तो पता चला कि ओमप्रकाश का मोबाइल और स्कूटी भी गायब है. कॉल डिटेल खंगाली गई तो एक मोबाइल नंबर पर उनकी लगातार बातचीत सामने आई. यह नंबर उनकी कोचिंग में करीब दो साल पहले पढ़ चुकी 21 साल की पूर्व छात्रा का था. पुलिस ने छात्रा से पूछताछ की तो उसने अपने बॉयफ्रेंड निखिल का नाम बताया. छात्रा के मुताबिक, दोनों के बीच करीब 11 महीने से प्रेम संबंध थे. निखिल को शक था कि टीचर ओमप्रकाश उसकी गर्लफ्रेंड को ब्लैकमेल कर रहे हैं.

इस वजह से करता था शक

निखिल ने एक बार अपनी गर्लफ्रेंड को ओमप्रकाश के साथ पिज्जा खाते देख लिया था. इसके बाद से ही वह टीचर को लेकर गुस्से में था. उसे लगता था कि दोनों के बीच कुछ चल रहा है और टीचर उसकी गर्लफ्रेंड को ब्लैकमेल कर रहे हैं. इसी बात का जवाब लेने के लिए 2 नवंबर की शाम कोचिंग खत्म होने के बाद निखिल ओमप्रकाश के पास पहुंचा. वहां उनसे गर्लफ्रेंड के बारे में पूछताछ करना चाहता था और उनका मोबाइल भी चेक करना चाहता था.

एडिशनल डीसीपी मनोज कुमार के मुताबिक इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि ओमप्रकाश ने निखिल के साथ बदसलूकी और मारपीट की. इससे गुस्साए निखिल ने मटन काटने वाले चाकू से ओमप्रकाश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. इसके बाद उनका गला रेतकर हत्या कर दी. हत्या करने के बाद आरोपी ने कोचिंग के बोर्ड पर ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ लिख दिया. पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि ऐसा उसने जांच को दूसरी दिशा में मोड़ने और पुलिस को गुमराह करने के लिए किया था.

हत्या के बाद निखिल टीचर का मोबाइल और स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया. इतना ही नहीं, वह वारदात के बाद अपनी गर्लफ्रेंड से भी मिला, लेकिन उसे हत्या के बारे में कुछ नहीं बताया. छात्रा को 6 नवंबर को पुलिस के जरिए टीचर की हत्या की जानकारी हुई. शुरुआती जांच में पुलिस ने छात्रा को भी आरोपी बनाया था, लेकिन बाद में हत्या में उसकी कोई भूमिका सामने नहीं आई.

पुलिस को इसलिए गिरफ्तारी में हो रही थी दिक्कत

पुलिस के मुताबिक निखिल शाहगंज थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर का रहने वाला है. वह 11वीं तक पढ़ा है और अपने पिता की जूते की दुकान पर काम करता है. वारदात के बाद वह आगरा में ही अलग-अलग जगहों पर छिपता रहा. सीसीटीवी फुटेज में उसका चेहरा साफ नहीं दिखने के कारण शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी.

हालांकि, सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस निखिल तक पहुंच गई. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू, मृतक की स्कूटी, हेलमेट और आरोपी की खून लगी शर्ट बरामद की है. आगरा पुलिस ने चार दिन बाद मिले शव के इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए आरोपी निखिल को गिरफ्तार कर लिया है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments