Homeभारतमहाराष्ट्रामुंबई के कोस्टल रोड पर भीषण हादसा, रात 3 बजे 5-6 गाड़ियों...

मुंबई के कोस्टल रोड पर भीषण हादसा, रात 3 बजे 5-6 गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद SUV में लगी आग

मुंबई के कोस्टल रोड पर देर रात तेज रफ्तार SUV ने जाम में फंसी 5-6 गाड़ियों को टक्कर मार दी. हादसे के बाद SUV में भीषण आग लग गई. करीब एक घंटे तक सड़क का हिस्सा बंद रहा. जानें पूरा मामला.

मुंबई के कोस्टल रोड पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित SUV ने सड़क पर जाम में फंसी 5 से 6 गाड़ियों को एक के बाद एक जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि SUV के बोनट से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई. हादसे के बाद कोस्टल रोड के भीतर अफरातफरी मच गई और वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.

पहले से लगा था जाम

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से कुछ देर पहले कोस्टल रोड के भीतर एक मामूली दुर्घटना हुई थी. इस वजह से सड़क पर वाहनों की कतार लग गई थी और ट्रैफिक धीमी गति से आगे बढ़ रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक SUV का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. बेकाबू SUV ने आगे जाम में खड़ी 5 से 6 गाड़ियों को एक के बाद एक जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि SUV के बोनट से तुरंत धुआं निकलने लगा. कुछ ही देर में गाड़ी में आग लग गई और आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं. अचानक हुए इस हादसे और कार में लगी आग के बाद मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई. कोस्टल रोड के भीतर कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया.

स्थानीय लोगों और पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और गश्त कर रही पुलिस टीम ने तत्काल आग बुझाने की कोशिश शुरू की. घटना की जानकारी मिलने के बाद फायर ब्रिगेड और ट्रैफिक पुलिस की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद SUV में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया. इस दौरान पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने घटनास्थल पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए.

करीब एक घंटे तक बंद रहा कोस्टल रोड

आग और दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों की वजह से कोस्टल रोड पर यातायात रोकना पड़ा. सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग के एक तरफ के हिस्से को करीब एक घंटे तक पूरी तरह बंद रखा गया. आग बुझने के बाद टोइंग वैन की मदद से हादसे में क्षतिग्रस्त हुई गाड़ियों को वहां से हटाया गया. ट्रैफिक पुलिस ने भी वाहनों को बाहर निकालने और रास्ता साफ कराने में मदद की. इसके बाद कोस्टल रोड पर यातायात दोबारा बहाल कर दिया गया.

क्या नशे में था SUV चालक?

फिलहाल पुलिस ने हादसे में शामिल सभी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस संबंधित वाहन चालकों और मालिकों से पूछताछ कर रही है, ताकि हादसे की पूरी वजह और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि SUV चला रहा व्यक्ति शराब के नशे में था या हादसा सिर्फ तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोने की वजह से हुआ. हालांकि, इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

चश्मदीद ने बताई हादसे की पूरी कहानी

इस भीषण सड़क हादसे को लेकर चश्मदीद और पीड़ित जितेंद्र खामणगावकर की बाइट भी सामने आई है. उन्होंने घटनास्थल पर हुए हादसे और उसके बाद बने हालात के बारे में जानकारी दी है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments