गाजियाबाद में फेसबुक के जरिये संपर्क में आए एक युवक और विवाहिता के बीच बने संबंध का अंत हत्या के रूप में हुआ। महिला की सोमवार को ईंट से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया।
गाजियाबाद: सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के बीच शुरू होने वाली दोस्ती कई बार गंभीर घटनाओं की वजह बन जाती है। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में फेसबुक के जरिये संपर्क में आए एक युवक और विवाहिता के बीच बने संबंध का अंत हत्या के रूप में हुआ। सोमवार को इंद्रापुरी चौकी क्षेत्र में महिला की ईंट से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक और उसके एक दोस्त को हिरासत में लिया है।
मृतका की पहचान पिंकी के रूप में हुई है। वह बुलंदशहर की रहने वाली थी। वह इन्द्रा क्षेत्र में अपने पति और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती थी। दिवाली पर उसका पति बच्चों के साथ अपने घर बुलंदशहर गया हुआ था। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि करीब चार-पांच महीने पहले पिंकी की फेसबुक पर बुलंदशहर निवासी आर्यन से दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। फोन पर भी उनका नियमित संपर्क रहने लगा। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। सोमवार को आर्यन उससे मिलने के लिए इंद्रापुरी चौकी क्षेत्र में अपने दोस्त पिंटू के कमरे पर पहुंचा था।
मुलाकात के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक मुलाकात के दौरान किसी बात को लेकर पिंकी और आर्यन के बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर युवक ने पास में रखी ईंट से महिला के सिर पर वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण पिंकी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर लोनी बॉर्डर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
दोनों की फेसबुक से हुई की दोस्ती
एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि सोमवार को महिला की हत्या की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में फेसबुक के माध्यम से महिला और आर्यन के बीच दोस्ती होने की जानकारी सामने आई है। मुलाकात के दौरान विवाद होने पर ईंट से हमला किया गया, जिससे महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आर्यन और उसके दोस्त पिंटू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

