सागर में पुलिस ने अवैध विस्फोटकों के भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मैगजीन संचालक के घर छापा मारा। तलाशी के दौरान पेटियों में बड़ी मात्रा में व्यावसायिक विस्फोटक बरामद हुए। पुलिस को आशंका है कि इनका इस्तेमाल अवैध रूप से भंडारण और बिक्री के लिए किया जा रहा था। मामले में दो अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है…
हाइलाइट्स
मैगजीन संचालक दुलीचंद पटेल के घर से मिला विस्फोटक का बड़ा जखीरा
अलग-अलग कंपनियों और लॉट की एक्सप्लोसिव सामग्री बरामद
पुलिस दो अन्य नाम सामने आने के बाद जांच का दायरा बढ़ा रही है
सागर: एमपी के सागर जिले में पुलिस ने अवैध विस्फोटक के एक बड़े नेटवर्क पर सर्जिकल स्ट्राइक की है। बहेरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मझुआ में मैगजीन संचालक दुलीचंद पटेल के आवासीय परिसर में जब पुलिस ने दबिश दी, तो पेटियों में छुपाकर रखा कमर्शियल एक्सप्लोसिव का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। यह तबाही फैलाने वाला वही विस्फोटक है जिसका इस्तेमाल बड़ी ब्लास्टिंग में किया जाता है। मुखबिर की सटीक सूचना पर हुई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस दो और बड़े नामों को रडार पर लेकर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने में जुट गई है।
घर में पेटियों के अंदर रखा था विस्फोटक
मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण का मामला सामने आया है। बहेरिया थाना क्षेत्र की कर्रापुर चौकी के अंतर्गत ग्राम मझुआ में पुलिस ने मैगजीन संचालक दुलीचंद पटेल के आवासीय परिसर में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली, जिसे पेटियों में रखा गया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि परिसर में अवैध रूप से विस्फोटक का भंडारण और बिक्री की जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सर्चिंग अभियान चलाया।
अलग-अलग कंपनियों और लॉट का एक्सप्लोसिव मिला
पुलिस के मुताबिक, तलाशी में अलग-अलग कंपनियों और अलग-अलग लॉट की विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। इसमें एटीएमएम की फ्रॉड वाली पेटियां और एक इंच मोटर वाले छोटे आकार के एक्सप्लोसिव भी शामिल बताए गए हैं। पुलिस फिलहाल बरामद सामग्री के लॉट और अन्य विवरणों का सत्यापन कर रही है। इसके बाद विधिवत जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।
दिवाली के पटाखे नहीं, ब्लास्टिंग में इस्तेमाल होता है विस्फोटक
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बरामद सामग्री कमर्शियल एक्सप्लोसिव है, जिसका इस्तेमाल ब्लास्टिंग के काम में किया जाता है। यह दिवाली के पटाखों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री नहीं है। हालांकि, अवैध भंडारण और बिक्री की सूचना के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारी के मुताबिक, इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक गलत हाथों में पहुंचने पर गंभीर नुकसान हो सकता था। नुकसान की वास्तविक क्षमता का आकलन विशेषज्ञ ही कर सकेंगे।
दो अन्य नाम भी जांच के दायरे में
पुलिस ने बताया कि फिलहाल मैगजीन संचालक दुलीचंद पटेल के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। मामले में दो अन्य नाम सामने आने की बात भी कही गई है। विवेचना के दौरान उनकी भूमिका और विस्फोटक की सप्लाई से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी।
पुलिस कार्रवाई के प्रमुख बिंदु
ग्राम मझुआ में आवासीय परिसर पर छापा।
पेटियों में बड़ी मात्रा में कमर्शियल एक्सप्लोसिव मिला।
अलग-अलग कंपनियों और लॉट की सामग्री बरामद।
दो अन्य नाम सामने आने की जानकारी, पुलिस जांच जारी।
सागर में हुई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस के सामने विस्फोटक के स्रोत, भंडारण और कथित बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने की चुनौती है। बरामद सामग्री की मात्रा और उसकी प्रकृति की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।

