महाराष्ट्र सरकार ने MSRTC के करीब 83000 कर्मचारियों को दिवाली पर 10000 रुपये बोनस देने का ऐलान किया है। महंगाई भत्ता 58 से बढ़ाकर 60 प्रतिशत किया गया है।
हाइलाइट्स
MSRTC कर्मचारियों को मिलेगा 10000 रुपये दिवाली बोनस
महंगाई भत्ता भी 58% से बढ़ाकर 60% किया गया
पात्र कर्मचारियों को 12,500 रुपये का एडवांस मिलेगा
मुंबई: महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम ( MSRTC ) के कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने एमआरसीटीसी कर्मचारियों को 10000 रुपये दिवाली बोनस देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। अब कर्मचारियों को 58 प्रतिशत के बजाय 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने इसकी घोषणा की। सरकार के इस फैसले से एमएसआरटीसी के करीब 83,000 कर्मचारियों को फायदा होगा।
12500 रुपये का एडवांस भी मिलेगा
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि दिवाली के अवसर पर पात्र कर्मचारियों को 12500 रुपये का एडवांस भी दिया जाएगा। परिवहन मंत्री ने यह घोषणा बांद्रा स्थित परिवहन आयुक्त कार्यालय में MSRTC की विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक के दौरान की गई। उन्होंने कहा कि राज्य परिवहन निगम के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात मेहनत करके लाखों यात्रियों को सुरक्षित यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराते हैं। ऐसे में दिवाली के मौके पर उन्हें बोनस मिलना उनका अधिकार है।
MSRTC पर पड़ेगा 160 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ
सरनाईक के मुताबिक, बोनस और महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के फैसले से निगम पर करीब 160 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। उन्होंने माना कि MSRTC इस समय आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, लेकिन सरकार चाहती है कि कर्मचारियों को त्योहार मनाने में किसी तरह की परेशानी न हो। बता दें कि MSRTC के बेड़े में करीब 15,000 बसें हैं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन लगभग 55 लाख यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाता है।

