ग्रेटर नोएडा में स्थित गौर सिटी मॉल में धनतेरस के दिन शुक्रवार को अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख लोगों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल में शुक्रवार को भयंकर आग लग गई। आग लगने से अफरा तफरी का माहौल हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए हैं। अभी तक जनहानि की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। धनतेरस का दिन होने के चलते मॉल में काफी ज्यादा भीड़ थी।
शुक्रवार को धनतेरस का दिन होने के चलते गौर सिटी मॉल में सुबह से खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटी हुई है। इस बीच अचानक मॉल में आग लगने से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। लोग जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए। हालांकि, अभी तक जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली है। वहीं, फायर ब्रिगेड आग पर काबू पाने में जुटी हुई है।
गौर सिटी-2 में 2024 में लगी थी भीषण आग
बता दें कि साल 2024 के मार्च महीने में गौड़ सिटी-2 के 16th एवेन्यू में भीषण आग लग गई थी। 20वीं मंजिल की फ्लैट में आग लगी थी। देखते ही देखते आग दूसरे फ्लैट में पहुंच गई थी। आग इतनी भयानक थी कि फ्लैट में सबकुछ राख हो गया था। आसपास के फ्लैटों में रह रहे लोगों को सुरक्षित निकाला गया था।

