दिवाली से पहले शहर के अलग-अलग इलाकों में चलाया जांच अभियान, वैध पासपोर्ट और वीजा नहीं मिलने पर निर्वासन की कानूनी प्रक्रिया शुरू
अहमदाबाद। दिवाली के त्योहार से पहले अहमदाबाद में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से क्राइम ब्रांच ने बड़ा जांच अभियान चलाया। इस दौरान भारत में कथित तौर पर अवैध रूप से रह रहे 61 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने इनके पास भारत में रहने से संबंधित वैध पासपोर्ट, वीजा और अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने की बात कही है। सभी को उनके देश वापस भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के लिए क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने शहर के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों सहित विभिन्न इलाकों में जांच की।
अभियान के तहत झुग्गी-बस्तियों, निर्माण स्थलों और किराए के मकानों में रहने वाले संदिग्ध लोगों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की पड़ताल की गई। आधार कार्ड, पैन कार्ड और निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान 61 बांग्लादेशी नागरिकों के पास भारत में वैध रूप से रहने से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए। प्रारंभिक पूछताछ में इनके अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत आने और अहमदाबाद के अलग-अलग इलाकों में पहचान छिपाकर रहने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है।
इनमें से कई लोग मजदूरी और अन्य छोटे-मोटे काम कर रहे थे। क्राइम ब्रांच ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस इनके भारत आने के रास्ते, यहां रहने की व्यवस्था और अन्य संपर्कों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इनका किसी आपराधिक गतिविधि से संबंध तो नहीं है। पुलिस की ओर से संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर सभी 61 नागरिकों की पहचान और राष्ट्रीयता की पुष्टि करने तथा आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके बाद नियमानुसार उन्हें बांग्लादेश भेजने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

