मुंबई पुलिस की दक्षिण साइबर क्राइम ब्रांच ने इंस्टाग्राम पर महिलाओं के चोरी-छिपे वीडियो बनाने और फिर AI की मदद से उनकी अश्लील तस्वीरें तैयार डालने के आरोप में मोहम्मद साबिर को गिरफ्तार कर लिया है.
लोकल ट्रेन में सफर करने वाली महिलाओं के चोरी-छिपे वीडियो बनाने और फिर AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से उनकी अश्लील तस्वीरें तैयार कर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने वाले आरोपी को मुंबई पुलिस की दक्षिण साइबर क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है. आरोपी महिलाओं की तस्वीरों को नग्न और अर्धनग्न तस्वीरों में बदलकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करता था. पुलिस को उसके मोबाइल से कई महिलाओं के फोटो और वीडियो मिले हैं.
पुलिस के मुताबिक, 22 जून 2026 को रात करीब 8:35 बजे 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा अपनी सहेली के साथ चर्चगेट से विरार जाने वाली फास्ट लोकल के जनरल फर्स्ट क्लास डिब्बे में सफर कर रही थी. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने दोनों की जानकारी और सहमति के बिना चुपके से वीडियो बना लिया.
इसके बाद 27 जून को आरोपी ने ‘pile6531’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से अश्लील गाने के साथ वीडियो की Reel बनाकर पोस्ट कर दी. इस Reel को 1.11 लाख से ज्यादा बार देखा गया. इसके बाद पीड़ित छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इस मामले में 19 अक्टूबर 2026 को दक्षिण साइबर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई.
जांच के दौरान पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपी की पहचान करना था, क्योंकि उसके नाम और चेहरे से जुड़ी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं थी. आरोपी ने इंस्टाग्राम पर ‘Playboy’ नाम से फर्जी अकाउंट बनाया था और प्रोफाइल पर एक लड़की की तस्वीर लगाई थी. पुलिस ने तकनीकी जांच और कई स्तरों पर डिजिटल विश्लेषण के बाद आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद साबिर मोहम्मद रुस्तम (31) के रूप में हुई है. वह पेशे से टेलर है और पालघर जिले के वसई पूर्व में रहता है. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ का रहने वाला है.
आरोपी ने कई महिलाओं के चोरी-छिपे बनाए थे वीडियो
पुलिस ने आरोपी के पास से OPPO कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है. जांच में सामने आया कि आरोपी ने कई महिलाओं के चोरी-छिपे फोटो और वीडियो बनाए थे. इसके बाद AI एप्लिकेशन की मदद से उनकी तस्वीरों को नग्न और अर्धनग्न तस्वीरों में बदलकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर व्यूज हासिल करने के लिए ऐसा करता था.
मुंबई पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लोकल ट्रेन, रेलवे स्टेशन या सार्वजनिक स्थानों पर किसी को महिलाओं की चोरी-छिपे तस्वीरें या वीडियो बनाते हुए देखने पर तुरंत रेलवे पुलिस या 112 पर सूचना दें. सोशल मीडिया पर AI से बनाई गई अश्लील या मॉर्फ की गई तस्वीरें और वीडियो मिलने पर उन्हें आगे शेयर न करें. इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर करें. पीड़ितों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

