उज्जैन के देवास रोड स्थित होटल श्रीगंगा में सीवरेज चैंबर की सफाई के दौरान चार लोगों की जान चली गई। जहरीली गैस की आशंका के बीच सभी चैंबर के अंदर फंस गए थे। पुलिसकर्मियों ने हथौड़े से चैंबर तोड़कर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन बचाया नहीं जा सका।
हाइलाइट्स
होटल के वेस्ट चैंबर की सफाई के लिए अंदर उतरे थे चार लोग
जहरीली गैस की चपेट में आने और दम घुटने से मौत की आशंका
पुलिस ने हथौड़े से चैंबर तोड़कर चारों को बाहर निकाला, अस्पताल में मृत घोषित
उज्जैन: शहर के देवास मार्ग पर स्थित एक होटल में वेस्टेज चैंबर की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सफाई करने उतरे 4 कर्मचारियों की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने हथौड़े से चैंबर का फर्श तोड़कर लोगों को बाहर निकाला, मौके पर उन्हें सीपीआर भी दिया गया, लेकिन अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी, उज्जैन के देवास रोड स्थित होटल श्री गंगा में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। होटल के वेस्टेज चैंबर में गिरने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई। यहां एसपी प्रदीप शर्मा और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में देर रात तक रेस्क्यू चलता रहा। हादसे में कुछ अन्य कर्मचारी घायल भी हुए हैं।
पुलिस के अनुसार होटल के दायीं ओर वेस्टेज चैंबर है। यहां मिष्ठान, डेयरी उत्पाद आदि का वेस्टज चैंबर है। शनिवार रात करीब 10.30 बजे कुछ कर्मचारी सफाई करने चैंबर में उतरे थे। बताया जाता है कि, वे चैंबर की गहराई और वेस्टेज से निर्मित गैस की चपेट में आ गए और बाहर नहीं निकल पाए। घटना की सूचना मिलते ही होटल स्टाफ व अन्य कर्मचारी चैंबर तक पहुंचे। बचाव दल, एम्बुलेंस, पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसपी प्रदीप शर्मा भी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू करने में दिक्कत आने के कारण यहां सबसे पहले इलेक्ट्रिक कटर से चेम्बर का हिस्सा काटा गया । इसके बाद कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों के निर्देश पर कर्मचारियों को सीपीआर दिया परंतु जान नही बचाई जा सकी।
पुलिस ने दिया CPR, लेकिन नहीं बची जान
चैंबर से बाहर निकालने के बाद पुलिसकर्मियों ने चारों को मौके पर ही सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, बचाव के प्रयास में उतरे अन्य कर्मचारियों की स्थिति सामान्य बताई गई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
सुरक्षा मानकों की जांच, लापरवाही मिलने पर कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, होटल के ओवरग्राउंड वेस्ट चैंबर की सफाई के लिए होटल कर्मचारियों के साथ कुछ निजी लोग भी अंदर उतरे थे। प्रथम दृष्टया जहरीली गैस के रिसाव को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। माधव नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि चारों लोग किन परिस्थितियों में चैंबर में उतरे थे और उन्हें अंदर जाने की अनुमति किसने दी थी।
होटल श्रीगंगा के लेफ्ट ओवर चैंबर में कर्मचारी सफाई करने उतरे थे, संभवत: जहरीली गैस के कारण चार कर्मचारियों की मौत हो गई है। मामले में राहत और जांच अभी की जा रही है। प्रदीप शर्मा, एसपी उज्जैन
अन्य कर्मचारी भी घायल
चैंबर में उतरे कर्मचारियों को बचाने के लिए कुछ अन्य कर्मचारी भी प्रयास कर रहे थे। इस दौरान वे भी गैस की चपेट में आए हैं। इन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया।
चैंबर के अंदर जहरीली गैस बनने या रिसाव की वजह
सफाई के दौरान सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल हुआ या नहीं
कर्मचारियों को चैंबर में उतारने की अनुमति किसने दी
सुरक्षा मानकों के पालन में कोई लापरवाही तो नहीं हुई
हादसे में इन लोगो की हुई मौत
कमलेश पिता सोहनलाल, निवासी- वाल्मीकि नगर, उज्जैन
नितिन पिता ताराचन्द, निवासी- वाल्मीकि नगर, उज्जैन
वाहिद, निवासी-सोमवारिया , उज्जैन
मनोज मीणा, निवासी-झालावाड़, राजस्थान
क्या होता है मिठाई दुकानों का वेस्टेज चैंबर (बाक्स)
वेस्टेज चैंबर मिठाई दुकानों की निर्माण इकाई से निकलने वाले कचरे, पानी, चाशनी, घी-तेल इत्यादि के अवशेष को ठीक तरीके से ड्रैनेज तक पहंचाता है। इसके जाम होने से समस्या खड़ी होती है। ऐसे ही सफाई के लिए होटल श्री गंगा के कर्मचारी चैंबर में उतरे थे।

