मध्य प्रदेश के गुजरने वाली दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जावरा के पास गुजरात में पदस्थ एक जीएसटी सुपरिटेंडेंट की कार पलट गई। हादसे में परिवार के सभी लोग घायल हैं। साथ ही उनकी कार से 54 लाख रुपए कैश और जूलरी मिले हैं, जिसकी जांच आयकर विभाग कर रही है।
हाइलाइट्स
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा, जीएसटी सुपरिटेंडेंट की कार नीचे गिरी
कार में सवार परिवार के सभी लोग हुए घायल
घायलों का इलाज के रतलाम मेडिकल कॉलेज में चल रहा
कार में रखे एक बैग से 54 लाख रुपए कैश और जूलरी मिली
रतलाम: हाल ही में मध्य प्रदेश के एक जीएसटी इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी हुई थी, उसके पास से 72 लाख रुपए कैश मिले थे। अब रतलाम में एक जीएसटी सुपरिंटेंडेंट की कार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई है। इसके बाद कार से 54 लाख रुपए कैश मिले हैं। साथ में जूलरी भी हैं। घायल अधिकारी की पोस्टिंग गुजरात में है।
आठ लेन एक्सप्रेसवे से नीचे गिरी गाड़ी
दरअसल, घायल जीएसटी सुपरिटेंडेंट प्रवीण मीणा की तैनाती गुजरात के वापी में है। वह दिवाली की छुट्टी मनाने गुजरात से राजस्थान स्थित अपने घर जा रहे थे। रतलाम के जावरा में उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई। इसके बाद एठ लेन एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गई। घटना शाम साढ़े चार बजे की है। हादसे में जीएसटी सुपरिटेंडेंट प्रवीण, उनकी पत्नी संतोष, बेटा आदित्य और अथर्व घायल हुआ है।
कार में 54 लाख रुपए कैश
कार पलटने के बाद उसमें रखे सामान बिखर गए। अंदर में एक बैग था। बैग के अंदर से 54 लाख रुपए कैश और जूलरी मिले हैं। स्थानीय पुलिस ने वीडियोग्राफी करवाते हुए इसकी गिनती की है। साथ ही आयकर विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है।
रतलाम मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
सभी घायलों का इलाज रतलाम मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। परिवार राजस्थान के गंगापुर सिटी का रहने वाला है। इनके घर के लोगों को सूचित कर दिया गया है। हालांकि घायलों के अभी बयान नहीं लिए गए हैं। इसकी वजह से यह पता नहीं चल पाया है कि इतने कैश एक सरकारी अधिकारी के पास कहां से आए हैं।
जान बचाने की प्राथमिकता
अब पुलिस अधिकारियों की पहली प्राथमिकता घायल लोगों की जान बचाने की है। उनकी स्थिति में सुधार के बाद ही आयकर विभाग की टीम पूछताछ करेगी कि आखिर इतने रुपए कहां से आए हैं। इसे घर लेकर क्यों जा रहे थे। इस तमाम बिंदुओं पर जांच की जाएगी।
भोपाल के जीएसटी अधिकारी के पास से मिले थे 72 लाख रुपए
बीते दिनों सीबीआई ने रिश्वत लेते हुए भोपाल में पदस्थ एक जीएसटी इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। इसके बाद भोपाल और कानपुर स्थित आवास पर छापेमारी की गई थी। छापेमारी के दौरान करीब 72 लाख रुपए कैश मिले थे। आरोपी इंस्पेक्टर फरियादी से मंथली रिश्वत की मांग करता था।

