Homeटॉप न्यूज़बैन तंबाकू मामले में सरकार ने FDA के 4 अफसरों को किया...

बैन तंबाकू मामले में सरकार ने FDA के 4 अफसरों को किया सस्पेंड, 21 अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश

महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार ने स्पेशल स्वाद और सुगंध वाले हुक्का तंबाकू उत्पादों के निर्माताओं और कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करते समय प्रक्रियागत खामियों और उचित सावधानी नहीं बरतने के आरोप में दो सहायक आयुक्तों समेत खाद्य और औषधि प्रशासन (एफडीए) के चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

मुंबई: महाराष्ट्र में प्रतिबंधित तंबाकू के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सामने आई प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के 4 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही 21 और अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। इस तरह सरकार ने कुल FDA 25 अधिकारियों पर प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। यह जानकारी राज्य के खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरि जिरवाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।

जिरवाल ने कहा कि FDA के अधिकारियों ने ठाणे में मेसर्स हाई स्ट्रीट इम्पेक्स LLP और मावल तालुका में मेसर्स सॉक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ की गई कार्रवाई के दौरान गंभीर अनियमितता की थी। FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे के ज़रिए मामले की जांच शुरू की गई। जांच के बाद अधिकारियों को दोषी पाया गया और FDA के चार अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। सस्पेंड किए गए अधिकारियों में जॉइंट कमिश्नर ऑफ़ फूड दिगंबर भोगावडे, असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ फूड यदुराज दहातोंडे, फूड सेफ्टी ऑफिसर अशोक इलागेर और सी. आर. स्वामी शामिल हैं। इन अधिकारियों को 30 अक्टूबर, 2026 को जारी ऑर्डर के मुताबिक सस्पेंड किया गया है और महाराष्ट्र सिविल सर्विसेज (डिसिप्लिन एंड अपील) रूल्स, 1979 के रूल 8 के तहत डिपार्टमेंटल जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है।

अधिकारी को कारण बताओ नोटिस:

सरकार का कहना है कि पकड़े गए तंबाकू पर फूड सेफ्टी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। संबंधित प्रोडक्ट पर साफ तौर पर ‘खाने के लिए नहीं सिर्फ हुक्का पीने के लिए इस्तेमाल करें’ लिखा था। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस कार्रवाई के लिए असिस्टेंट कमिश्नर पी. पी. सूर्यवंशी और दूसरे अधिकारियों पर दबाव डाला गया था। लेकिन सूर्यवंशी ने करवाई से इंकार कर दिया जिसके बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

क्या है मामला?

सरकार का कहना है कि FDA के एक स्पेशल फ्लाइंग स्क्वॉड ने 2 जनवरी, 2026 को मावल तालुका के टाकवे में मौजूद सॉक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी पर कार्रवाई की। इस कार्रवाई में 31 करोड़ 67 लाख 21 हजार 987 रुपये कीमत के बैन तंबाकू प्रोडक्ट्स का स्टॉक जब्त किया गया। जिसका वजन 5 लाख 48 हजार 488 किलोग्राम था। कंपनी की जगह को भी सील कर दिया गया था।

फूड सेफ्टी और पब्लिक हेल्थ से समझौता नहीं : जिरवाल

सरकार ने दोनों मामलों में शामिल अधिकारियों की भूमिका की समीक्षा के बाद प्रशासनिक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की है। चार अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है और 21 अन्य अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच का आदेश दिया है। जांच में संबंधित अधिकारियों की भूमिका, कार्रवाई की कानूनी वैधता, अधिकार क्षेत्र और प्रशासनिक अवहेलना की जांच की जाएगी। मंत्री नरहरि जिरवाल ने कहा कि फूड सेफ्टी और पब्लिक हेल्थ से जुड़े मामलों पर कार्रवाई करते समय कानून का पालन और प्रशासनिक जवाबदेही को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments