Homeटॉप न्यूज़बारिश के चलते राहुल गांधी ने टाला CEC के खिलाफ महाभियोग कार्यक्रम,...

बारिश के चलते राहुल गांधी ने टाला CEC के खिलाफ महाभियोग कार्यक्रम, 1 नवंबर को रामलीला मैदान में महारैली

विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग कार्यक्रम एक दिन के लिए टाल दिया है। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।

नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण शुक्रवार को होने वाला सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम टाल दिया गया है। अब यह कार्यक्रम शनिवार को इसी समय आयोजित किया जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि बारिश में वरिष्ठ नेताओं को बैठने में परेशानी होती, इसलिए विपक्षी दलों ने सर्वसम्मति से इसे एक दिन आगे बढ़ाने का फैसला किया है।

शुक्रवार को राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा, अब यह महाभियोग कार्यक्रम कल यानी शनिवार को आयोजित किया जाएगा। जबकि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली होगी। नेता प्रतिपक्ष ने राजनीतिक दलों के अलावा सामाजिक संगठनों, सिविल सोसायटी, पत्रकारों और आम लोगों को भी शामिल होने का न्योता दिया गया है।

दिल्ली आने से लोगों को रोकने का आरोप

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर विपक्षी कार्यक्रमों में लोगों की भागीदारी रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब समेत कई राज्यों से दिल्ली आने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों को रोका जा रहा है।

उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में पता चल जाएगा कि कितने लोग विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे और सरकार कितने लोगों को रोकने में कामयाब रही। राहुल गांधी के मुताबिक, इससे देश में लोकतंत्र की मौजूदा स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकेगा।

‘लाखों लोगों के वोट का अधिकार छीना जा रहा’

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में बड़ी संख्या में लोगों को मताधिकार से वंचित किया जा रहा है और उनके वोट चोरी किए जा रहे हैं। उन्होंने इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया।

राहुल गांधी ने कहा कि यह अलग-अलग विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक ही आंदोलन है, जिसमें पूरा विपक्ष एक साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति
इस मुद्दे पर विरोध करना चाहता है, उसका स्वागत है।

धर्मेंद्र यादव ने क्या कहा?

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा, ‘जनता को अहसास हो चुका है, BJP जिस जीत का ढकोसला करती है, वह इलेक्शन मेनिपुलेशन और मैनेजमेंट है। EVM से लेकर वोटर लिस्ट तक सब मैनिपुलेटेड है।

सपा नेता ने कहा, यूपी MLC चुनाव के परिणामों के जरिए शिक्षकों और ग्रेजुएटों ने अहसास करा दिया है कि यूपी में BJP कितनी पीछे है।

इससे पहले इंडिया गठबंधन ने महाभियोग कार्यक्रम के लिए पूरी रूपरेखा तैयार कर ली थी। लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को जन महाभियोग की कार्यवाही की अध्यक्षता करनी थी, जबकि खरगे को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ सांकेतिक महाभियोग प्रस्ताव पेश करना था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments